अगरतला, 3 मार्च (आईएएनएस)। त्रिपुरा पुलिस ने भारतीय सीमा में अवैध रूप से दाखिल होने वाले 23 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें नौ महिलाएं और तीन बच्चे हैं।
पुलिस प्रवक्ता उत्तम कुमार भौमिक ने यहां गुरुवार को आईएएनएस को बताया, “पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार देर शाम उत्तरी त्रिपुरा के गंदचारा इलाके से 23 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। एक स्थानीय अदालत ने इनमें से 20 को न्यायिक हिरासत व तीन बच्चों को बालगृह में भेज दिया है। अदालत ने पुलिस से इन्हें आठ मार्च को दोबारा अदालत में पेश करने के लिए कहा है।”
उन्होंने कहा कि ये सभी बांग्लादेशी आदिवासी हैं और उन्होंने पुलिस को बताया कि वे एक आदिवासी चिकित्सक से चिकित्सीय परामर्श लेने के लिए बांग्लादेश के चटगांव से त्रिपुरा आए थे।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों ने पुलिस को बताया कि 43 बांग्लादेशी नागरिक (गिरफ्तार किए गए 23 लोगों सहित) आदिवासी चिकित्सक से अपनी बीमारी के बारे में परामर्श लेने के लिए त्रिपुरा आए थे।
पुलिस अवैध रूप से दाखिल अन्य बांग्लादेशियों की तलाश कर रही है।
त्रिपुरा की 856 किलोमीटर लंबी सीमा बांग्लादेश से लगती है और सीमा के अधिकांश हिस्से पर कंटीले तार, पहाड़ियां और नदी तट हैं।
dharmpath.com dharmpath