उप्र विधान परिषद चुनाव : 28 सीटों पर 97 फीसदी मतदान (लीड-1)

लखनऊ, 4 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 28 सीटों के लिए गुरुवार को सूबे के 57 जिलों में मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग के अनुसार, औसतन 97.22 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे ज्यादा मतदान मीरजापुर-सोनभद्र में 99़ 66 फीसदी दर्ज हुई वहीं मुजफ्फरनगर-सहारनपुर में सबसे कम 90 प्रतिशत मत पड़े।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ। इस दौरान गोरखपुर में दो प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आने से वहां जमकर हंगामा हुआ।

गोरखपुर के गोला ब्लॉक मुख्यालय पर बने मतदान केंद्र पर ग्राम पकड़ी के नव निर्वाचित प्रधान नागेंद्र यादव के दोबारा पहुंचने पर सपा प्रत्याशी जय प्रकाश यादव के समर्थकों ने हंगामा किया। ग्राम प्रधान को सपा से बर्खास्त सीपी चंद का विश्वस्त बताकर इन लोगों ने बवाल किया। इसके बाद पुलिस ने प्रधान को मतदान केंद्र से बाहर निकाल दिया।

ग्राम प्रधान के बाहर निकलते ही जयप्रकाश यादव और सीपी चंद के समर्थक आमने-सामने हो गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों के समर्थकों को अलग-अलग हटाकर वहां पर शांति व्यवस्था कायम की।

विधान परिषद की स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र से कुल 36 सीटें रिक्त थीं। आठ सीटों पर सत्तारुढ समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। मतदान केवल 28 सीटों पर हुआ। इन सीटों के लिए 105 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतदान के लिए 729 बूथ बनाए गए थे। इस चुनाव में लगभग एक लाख से अधिक मतदाता थे।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरुण सिंघल ने बताया कि विधान परिषद के स्थानीय निकाय क्षेत्र की 28 सीटों के लिए आज 57 जिलों में वोट डाले गए। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है। छह मार्च को मतगणना होगी।

मतदान को शांतिपूर्वक और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए नागरिक पुलिस के साथ ही 124 कंपनी सशस्त्र बलों की तैनाती की गयी थी। इसमें 40 कंपनी अर्धसैनिक बल और 84 कंपनी पीएसी रही।

सिंघल ने बताया कि संवेदनशील बूथों की वीडियोग्राफी के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। अतिसंवेदनशील बूथों पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493