मैड्रिड, 4 मार्च (आईएएनएस)। स्पेन के राजा फिलिप छठे की बहन राजकुमारी क्रिस्टिना ने कर धोखाधड़ी मामले में गुरुवार को गवाही दी। वह इस मामले में प्रतिवादी भी हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक क्रिस्टिना स्पेन के शाही खानदान की पहली सदस्य हैं जिन्हें आपराधिक मामलों में स्पष्टीकरण देना पड़ा है। वह नूज संस्थान से जुड़े कर धोखाधड़ी के मामले में 17 प्रतिवादियों में से एक हैं। इस संस्थान के संस्थापक उनके पति इनाकी उरडनगेरिनऔर उनके साझीदार दिएगो टोर्रेस हैं।
अगर इस मामले में वह दोषी पाई गईं तो उन्हें आठ साल जेल की सजा हो सकती है।
ऐसा संदेह है कि नूज संस्थान ने करीब 60 लाख यूरो धोखाधड़ी कर सरकारी निधि से प्राप्त किया जिनमें कुछ राशि अईजून कंपनी के जरिए हासिल की गई। इस कंपनी में क्रिस्टिना और उनके पति इनाकी उरडेनगेरिन शेयरधारक हैं।
क्रिस्टिना स्पेन के ला कैक्सा बैंक में कार्यरत हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि उन्हें लेखा प्रणाली का खास ज्ञान नहीं है। उन्होंने कहा कि अईजून में उनका पचास प्रतिशत शेयर इसलिए है क्योंकि उनके पति ने उन्हें शेयरधारक बनने को कहा और वह मान गईं।
क्रिस्टिना ने अपनी गवाही में कहा कि उन्होंने अपने पति उरडनगेरिन से कभी भी अईजून की गतिविधियों के बारे में इसलिए नहीं पूछा क्योंकि ‘यह मजेदार नहीं था और बच्चे भी छोटे-छोटे थे।’ फिर भी, उन्होंने कहा कि वह नहीं मानतीं कि अईजून की स्थापना कर अधिकारियों को धोखा देकर धन अर्जित करने के लिए हुई थी।
उन्होंने इस बात से भी इंकार किया कि कर आश्रय वाले किसी देश में उनका कोई बैंक खाता है। क्रिस्टिना ने कहा कि उनका बैंक खाता स्विट्जरलैंड में है क्योंकि वह वहां रहती हैं।
dharmpath.com dharmpath