राज्यसभा सीटों के लिए पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में ‘लॉबिंग’ शुरू

अगरतला/कोहिमा/ गुवाहाटी, 4 मार्च (आईएएनएस)। राज्यसभा सीटों के लिए 21 मार्च को चुनाव होने की अधिसूचना शुक्रवार को जारी हो गई। इसके बाद पूर्वोत्तर के तीन राज्यों असम, त्रिपुरा और नागालैंड में सीटें हासिल करने की कवायद शुरू हो गई है। इन राज्यों में राज्यसभा की चार सीटें खाली हो रहीं हैं जहां अलग-अलग राजनीतिक दलों का शासन है।

राज्यसभा की कुल 13 सीटों के लिए छह राज्यों पंजाब, हिमाचल प्रदेश, केरल, असम, नागालैंड और त्रिपुरा में 21 मार्च को चुनाव होंगे। अधिकारियों के अनुसार इन चुनावों के लिए राष्ट्रपति और चुनाव आयोग ने अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की हैं।

त्रिपुरा में राज्यसभा की केवल एक सीट खाली हो रही है, जिस पर अभी तक प्रदेश की सत्ताधारी मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्य झारन दास काबिज हैं। इनका कार्यकाल दो अप्रैल को समाप्त हो रहा है। पार्टी के प्रदेश सचिव बिजान धर ने आईएएनएस से कहा कि रविवार को अगरतला में माकपा की राज्य समिति की बैठक होगी जिसमें राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार का नाम तय किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक इस सीट के लिए कई दावेदार हैं,लेकिन दास को दोबारा मौका दिए जाने की उम्मीद है।

असम से राज्यसभा की दो सीटें कांग्रेस के पंकज बोरा और नाजनीन फारूक के पास हैं। ये दोनों दोबारा मौका पाने की चाहत रखते हैं। लेकिन, पार्टी सूत्रों का कहना है कि राज्य के कुछ मंत्री एक सेवारत नौकरशाह के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाए हुए हैं।

एक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता के अनुसार इन दो सीटों के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन सिंह घाटोवार, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अंजन दत्ता, रानी नाराह, द्विजेन सरमाह, किरिप चालिहा, विष्णु प्रसाद और अब्दुल मुहिब मजूमदार शामिल हैं। इसके अलावा एक मीडिया दिग्गज भी राज्यसभा जाने के लिए कांग्रेस और अखिल भारतीय लोकतांत्रिक मोर्चा के नेता बदरुद्दीन अजमल के संपर्क में हैं।

नागालैंड से इकलौती राज्यसभा सीट के लिए नागा लोकतांत्रिक गठबंधन में शामिल सत्ताधारी नागा पीपुल्स फ्रंट ने के.जी. केन्ये को चुना है। यह सीट खेकीहो झिमोनी के निधन से खाली हुई है।

लेकिन, इस सीट के लिए नागा पीपुल्स फ्रंट की सहयोगी भाजपा भी उम्मीदवार उतारना चाहती है। भाजपा के प्रदेश महासचिव एडुजु थेलुओ ने कहा कि उनकी पार्टी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एम.चुबा एओ, अवकाश प्राप्त आईएएस एच.के. खुलु और पूर्व मंत्री टी.ए. नगुल्ली में से किसी एक के नाम पर मुहर लगा सकती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493