नई दिल्ली, 6 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि यह देश हमेशा से अपनी धरती की महिलाओं से शक्ति पाता रहा है।
मोदी यहां संसद के केंद्रीय हॉल में महिला सांसदों व विधायकों के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, “राष्ट्र हमेशा से यहां की महिलाओं से शक्ति पाता रहा है। ये वे हैं जो एक मां के रूप में पाल-पोसकर एक नागरिक बनाती हैं। ये शक्तिसंपन्न नागरिक शक्तिशाली देश बनाते हैं।”
दो दिवसीय सम्मेलन का समापन रविवार को हुआ। सम्मेलन में संसद के दोनों सदनों के अलावा राज्य विधानसभा और विधान परिषद की सदस्यों ने भी भाग लिया।
प्रधानमंत्री ने कहा, “देश हर हाल में महिला सशक्तीकरण से आगे की सोचे और महिलाओं के नेतृत्व में विकास के बारे में सोचे।”
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, “प्रबंधन के क्षेत्र में मल्टीटास्किंग होना एक विशेषता है, लेकिन एक वक्त में कई काम संभालने वाली महिलाएं वास्तव में धरती पर सर्वश्रेष्ठ हैं। हमारी माताएं-बहनें सदियों से मल्टी टास्कर रही हैं और उनकी कोशिशों ने हमारे देश को इस मुकाम पर लाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है।”
लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन को इस सम्मेलन के आयोजन और नेतृत्व के लिए बधाई देते हुए मोदी ने महिला विधायकों को अन्य राज्यों के विधायकों से संवाद बढ़ाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इससे उनकी जानकारी बढ़ेगी, जिससे उन्हें काफी चीजें सीखने में मदद मिलेगी।
मोदी ने कहा, “महिलाओं में पुरुषों की तुलना में कम अवसर मिलने के बावजूद उनकी सफलता का अनुपात ज्यादा है। जरूरत है कि महिलाएं स्वयं को व अपनी ताकत को पहचानें और उसको लेकर आश्वस्त महसूस करें।”
महिलाओं को अपनी ताकत पहचानने के लिए प्रोत्साहित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “आप अपनी ताकत को तब पहचानेंगी, जब आप चुनौतियों का सामना करेंगी। इसलिए महिलाओं को अपने सशक्तीकरण में जो भी चुनौतियां सामने आती हैं, उनका मुकाबला करना चाहिए।”
मोदी ने कहा, “प्रौद्योगिकी अपनाने के मामले में भी महिलाएं पुरुषों के मुकाबले बेहतर हैं। वास्तव में इस क्षेत्र में उन्हें ईश्वर का वरदान हासिल है।”
मोदी ने इस मनोवैज्ञानिक धारणा को बदलने पर बल दिया कि महिलाओं को सशक्त बनाने की जरूरत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाएं पहले से ही सशक्त हैं और कई भूमिकाओं में समाज व देश के लिए अनगिनत योगदान देती रही हैं। जरूरत है तो बस उन शक्तियों को पहचानने की।
उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं का सशक्त होना देश को भी सशक्त बनाता है।
dharmpath.com dharmpath