रायपुर, 7 मार्च (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में भोलेनाथ के दर्शन के लिए राजधानी सहित सूबे के शिवालयों में सुबह से भक्तों का तांता लगा हुआ है। बारह साल के बाद ऐसा मौका आया है, जब महाशिवरात्रि सोमवार के दिन मनाई जा रही है।
शिव की आराधना का प्रमुख दिन माने जाने वाले सोमवार को महाशिवरात्रि पड़ना बेहद शुभ माना जा रहा है। यह भी एक संयोग है कि इस बार महाशिवरात्रि को सिंहस्थ कुंभ का योग मिल रहा है।
देव ग्रह गुरु इस दिन सिंह राशि में गोचर कर रहे हैं। ऐसे में यह दिन और ज्यादा श्रेष्ठ हो जाता है। महाशिवरात्रि के मौके पर शहर के मंदिरों में विविध धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं।
कटोरा तालाब स्थित योगेश्वर महादेव मंदिर में महाआरती के साथ प्रसाद वितरण किया गया। रविवार को यहां जागरण की शुरुआत हुई। इसी तरह कंकाली पारा के गौतम नगर स्थित शिव मंदिर में दोपहर 12 बजे से पूजा-अर्चना के साथ भंडारा हो रहा है।
गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित की राजीव नगर कॉलोनी स्थित मंदिर में रविवार को अखंड रामायण पाठ की शुरुआत हुई।
महाशिवरात्रि पर शहर के महादेवघाट में मेला लगा है। सुबह से ही भक्त खारुन नदी में स्नान के बाद, वहां से जल लेकर महादेव को अर्पित कर रहे हैं। शिवरात्रि के खास मौके के लिए मंदिर को खास तरह से सजाया गया है।
dharmpath.com dharmpath