दरभंगा, 8 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में दरभंगा जिले के नगर थाना क्षेत्र से पुलिस ने वैध दस्तावेज के बिना भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाले आठ बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
दरभंगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार सत्यार्थी ने मंगलवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार रात मोहम्मदपुर गांव निवासी बनवारी यादव के घर में पिछले एक सप्ताह से बतौर किराएदार रह रहे इन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि किराया पर घर देने वाले बनवारी यादव को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जब इन बांग्लादेशी नागरिकों से भारतीय सीमा में प्रवेश करने को लेकर वैध दस्तावेज दिखाए जाने को कहा गया तो वे नहीं दिखा पाए।
सत्यार्थी ने बताया कि इन बांग्लादेशी नागरिकों ने खुद को मजदूर और कुछ ने छात्र बताकर किराए पर मकान लिया था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath