लखनऊ, 8 मार्च (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन मंगलवार को सूबे के विधायकों को होली से पहले होली का तोहफा दिया। उन्होंने विधायकों को आवास देने के साथ उनके लिए कई और घोषणाएं कीं। इसके साथ विधानसभा की कार्यवाही अगली सूचना तक के लिए स्थगित कर दी गई।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को विधानसभा में घोषणा की कि जिन विधायकों के पास आवास नहीं हैं, उन्हें फ्लैट अथवा प्लाट दिया जाएगा। विधायकों को दो सौ हैंडपंप भी मिलेंगे। इनमें सौ हैंडपंप नए होंगे और सौ हैंडपंप रिबोर करा सकेंगे। विधायक अपने क्षेत्र में आठ किलोमीटर तक हॉट एंड मिक्स सड़क भी बनवा सकेंगे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विधायकों को लोहिया ग्रामों व लोहिया आवासों में भी अधिकार देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि अब लोहिया ग्रामों के चयन में विधायकों की राय से गांव निर्धारित होंगे। हालांकि एक विधायक को कितने गांव चुनने होंगे, इसकी संख्या बाद में निर्धारित होगी। हर विधायक की संस्तुति पर अब 10-10 लोहिया आवास आवंटित होंगे।
मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायकों की पेंशन भी दो हजार रुपये बढ़ाने की घोषणा की है। पूर्व विधायकों को पहले पेंशन के रूप में दस हजार रुपये मिलते थे जो अब बारह हजार मिलेंगे। विधायकों की मांग पर मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि उनकी संस्तुति पर गंभीर रोगियों को जिला अस्पताल में भी अब दवा मुफ्त मिलेगी।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विधायकों के यात्रा कूपन जैसी कई अन्य सुविधाओं और विधानसभा कर्मियों की मांगों के संबंध में एक समिति गठित होगी, जिसकी संस्तुति पर सरकार अगला निर्णय लेगी।
विधानसभा के बजट सत्र का अंतिम दिन रहा। मंगलवार को सदन में आम बजट पास हो गया। विधानसभा ने मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2016-17 के लिए विनियोग विधेयक भी पारित कर दिया।
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय ने सदन की कार्यवाही को समाप्त करने की घोषणा की। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अभी सत्रावसान नहीं हुआ है, बल्कि अगली सूचना तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित की गई है।
dharmpath.com dharmpath