नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। तेजपुर विश्वविद्यालय ने ‘सर्वेश्रेष्ठ विश्वविद्यालय’ के लिए वार्षिक विजिटर पुरस्कार जीता है। वहीं जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) के प्रोफेसर राकेश भटनागर और मॉलिकुलर पैरासिटोलॉजी ग्रुप ने ‘शोध’ और ‘नवोन्मेष’ के लिए वार्षिक विजिटर पुरस्कार जीता है।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी 14 मार्च को राष्ट्रपति भवन में ‘नवोन्मेषों का त्योहार’ के हिस्से के तौर पर एक कार्यक्रम में वर्ष 2016 के लिए विजिटर पुरस्कारों का वितरण करेंगे। केंद्रीय विश्वविद्यालयों के बीच प्रतिस्पर्धा का माहौल पैदा करने और दुनिया भर से अच्छी चीजों को अपनाने के लिए प्रेरित करने को लेकर राष्ट्रपति ने कुलपतियों के सम्मेलन, 2014 में इन पुरस्कारों का ऐलान किया था।
‘नवोन्मेष’ के लिए विजिटर अवॉर्ड जेएनयू के प्रोफेसर राकेश भटनागर को दिया जाएगा। उन्हें यह पुरस्कार एन्थ्रैक्स के लिए जेनेटिक बदलाव वाले टीके और एक थेराप्यूटिक एंटीबॉडी को विकसित करने के लिए दिया जाएगा।
‘शोध’ के लिए विजिटर अवॉर्ड जेएनयू के मॉलिकुलर पैरासिटोलॉजी ग्रुप को दिया जाएगा। यह पुरस्कार मॉलिकुलर पैरासिटोलॉजी, खासतौर पर एंटी-मलेरिया और लेशमेनियासिस और एमिबियासिस के क्षेत्र में अग्रणी कार्य के लिए दिया जाएगा।
सर्वेश्रेष्ठ विश्वविद्यालय को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि ‘नवोन्मेष’ और ‘शोध’ के लिए विजिटर पुरस्कार के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और एक लाख का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath