फ्रांस की पूर्व खेल मंत्री ने नडाल पर लगाया डोपिंग का आरोप

पेरिस, 11 मार्च (आईएएनएस)। फ्रांस की पूर्व स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री रोजलिन बेकेलोट ने स्पेन के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल पर डोपिंग का आरोप लगाया है। लेकिन, अपने इस आरोप के पक्ष में उन्होंने कोई सबूत नहीं दिया है।

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, बेकेलोट ने 2012 में घुटने में चोट के कारण नडाल के महीनों खेल से बाहर रहने के आधार पर डोपिंग के आरोप लगाए हैं।

बेकेलोट 2007 से 2010 तक खेल मंत्री रही थीं और अब एक टीवी कार्यक्रम में हिस्सा लेती हैं। उन्होंने कहा कि हर किसी को नडाल की वह मशहूर चोट याद है जिसके कारण वह सात महीनों तक खेल से बाहर रहे थे। ऐसा कह कर उन्होंने यह संकेत देने की कोशिश की कि नडाल डोपिंग परीक्षण में असफल होने की वजह से टेनिस कोर्ट से बाहर थे।

बेकेलोट का यह बयान रूस की टेनिस स्टार मारिया शारापोवा के डोपिंग परीक्षण में असफल हो जाने के बाद आया है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि जब टेनिस खिलाड़ी महीनों खेल से बाहर रहते हैं तो इसका मतलब होता है कि वे डोपिंग परीक्षण में असफल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा हमेशा नहीं होता लेकिन होता रहता है।

बेकेलोट से पहले पूर्व टेनिस स्टार यानिक नोआह भी नडाल के डोपिंग परीक्षण में असफल रहने के बारे में संकेत दे चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493