अशोकनगर, 11 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में ड्यूटी कर लौट रहे अनुविभागीय अधिकारी, पुलिस (एसडीओ-पी) राजेंद्र पाठक का वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। इस हादसे में पाठक और दो अन्य पुलिसकर्मियों की मौत हो गई।
पुलिस नियंत्रण कक्ष के अनुसार शुक्रवार को मुख्यमंत्री चौहान जिले में हुई ओलावृष्टि से फसल नुकसान का जायजा लेने आए थे। मुख्यमंत्री के इस दौरे में मुंगावली के एसडीओ-पी पाठक की भी ड्यूटी लगाई गई थी। दोपहर बाद पाठक अपने वाहन से मुंगावली लौट रहे थे तभी उनका वाहन ढुढेर के करीब अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। इस हादसे में पाठक व दो पुलिसकर्मियों पवन इंदौरिया व मोहन की मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने आईएएनएस से कहा कि हादसे का शिकार हुए पुलिस अधिकारी पाठक व दोनों जवानों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर उनके निवास स्थानों को भेजा गया है।
dharmpath.com dharmpath