टी-20 विश्व कप : पाकिस्तानी टीमों को सरकार की हरी झंडी (लीड-1)

इस्लामाबाद, 11 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान की सरकार ने अपनी राष्ट्रीय पुरुष एवं महिला क्रिकेट टीमों को टी-20 विश्व कप में हिस्सा लेने के लिए भारत भेजने पर शुक्रवार को सहमति दे दी।

‘जियो टीवी’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि क्रिकेट टीमें शुक्रवार रात भारत के लिए रवाना होंगी।

पाकिस्तान की सरकार ने यह फैसला भारत के केद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के यह कहने के बाद लिया कि पाकिस्तानी टीमों को टूर्नामेंट के दौरान पूर्ण रूप से सुरक्षा दी जाएगी।

राजनाथ ने गाजियाबाद में संवाददाताओ से कहा, “जो भी भारत आएगा वह सुरक्षित रहेगा।”

पश्चिम बंगाल सरकार और कोलकाता के पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार ने भी पाकिस्तान पुरुष टीम के 19 मार्च को भारत के साथ होने वाले मुकाबले के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम करने का वादा किया है।

भारत में पाकिस्तानी उच्चायुक्त अब्दुल बासित की नई दिल्ली में भारतीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद टीमों का भारत भेजने का फैसला लिया गया।

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने संवाददाता सम्मेलन में बताया, “बैठक भारत में होने वाले टी-20 विश्व कप के मद्देनजर हुई थी। बैठक सकारात्मक रही। गृह सचिव ने पाकिस्तान के उच्चायुक्त को बताया कि सभी टीमों के लिए सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है। गृह सचिव ने बताया कि अतीत में भी भारत ने सभी टीमों की सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा था। किसी भी टीम को किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं आई थी।”

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी विश्व कप के दौरान हर टीम की और टीम के खिलाड़ियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने की बात कही थी।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष निजाम सेठी ने बताया कि देश के गृह मंत्री चौधरी निसार ने बोर्ड को बताया कि सरकार राष्ट्रीय टीमों को भारत भेजने को तैयार है।

सेठी ने संवाददाता सम्मेलन में बताया, “भारत की तरफ से हमें टीम की सुरक्षा को लेकर जो आश्वासन चाहिए था वह मिल गया है। चौधरी निसार ने बताया कि सरकार को भारतीय गृह मंत्रालय से सुरक्षा को लेकर ठोस आश्वासन मिल गया है इसलिए हम टीम को भारत भेज सकते हैं। इस फैसले को लेने में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, भारत के गृह सचिव, और भारतीय गृह मंत्रालय द्वारा दिए गए ठोस आश्वासन ने अहम रोल निभाया है।”

उन्होंने कहा, “टीम रवाना होने के लिए पूरी तरह से तैयार है और या तो रात में या कल सुबह दुबई के लिए रवाना होगी जहां से सीधे भारत जाएगी।”

पीसीबी के अध्यद शहरयार खान ने कहा कि टीम के खिलाड़ियों को सुरक्षा का डर होने के चलते नाम वापस लेने का विकल्प दिया गया था लेकिन किसी भी खिलाड़ी ने नाम वापस नहीं लिया।

पाकिस्तान की पुरुष टीम इस समय लाहौर में है और महिला टीम कराची में।

हिमाचल प्रदेश में पूर्व सैनिकों और राजनैतिक नेताओं द्वारा भारत-पाकिस्तान के मैच के खिलाफ विरोध प्रदर्शन को देखते हुए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को मैच के स्थान में बदलाव करना पड़ा था।

भारत-पाकिस्तान के मैच को धर्मशाला से कोलकाता स्थानांतरित कर दिया गया। इसी को देखते हुए पाक्सितान सरकार ने भारतीय सरकार से टीम की सुरक्षा का लिखित आश्वासन मांगा था।

पाकिस्तान टीम को मंगलवार शाम को ही भारत के लिए रवाना होना था। लेकिन पीसीबी ने सुरक्षा हालात का जायाजा लेने भारत गई तीन सदस्यीय टीम की रिपोर्ट आने तक टीम को रोके रखा।

आईसीसी द्वारा बुधवार को भारत-पाकिस्तान मैच को कोलकाता स्थानांतरित किए जाने के बाद पाकिस्तान ने गुरुवार को टीम को शुक्रवार को भारत भेजने की बात कही थी। लेकिन पाकिस्तान सरकार की लिखित आश्वासन की मांग के चलते टीम की रवानगी को टाल दिया गया।

भारत के लिए रवानगी में देरी का असर पाकिस्तान टीम की तैयारी पर पड़ा है। टीम को शानिवार को बंगाल टीम के खिलाफ अभ्यास मैच खेलना था जोकि अब रद्द हो गया है।

गुरुवार को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता ने बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के अध्यक्ष सौरभ गांगुली को पत्र लिखकर कहा था कि राज्य सरकार भारत-पाक के बीच होने वाले मैच में पूर्ण सुरक्षा मुहैया कराएगी।

ममता ने पत्र में गांगुली से कहा था कि वह उनके इस संदेश को बीसीसीआई और आईसीसी तक भी पहुंचा दें।

भारत के गृह राज्य मंत्री किरण रिजजू ने भी कहा था कि सरकार पाकिस्तान टीम को अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराने को तैयार है। रिजजू ने हालांकि लिखित आश्वासन देने से इनकार कर दिया था।

भारत ने पाकिस्तान को विश्व कप से नाम वापस लेने की धमकी पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात भी कही थी। भारत का कहना था कि उसने सुरक्षा के हर मुमकिन इंतजाम किए हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

विरोध की स्थिति को देखते हुए पाकिस्तान सरकार ने कहा था कि भारत लिखित में दे कि पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को पर्याप्त सुरक्षा दी जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493