नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद द्वारा आयोजित हस्तनिर्मित कालीनों और अन्य फ्लोर कवरिंग के विशेष व्यापार मेले ‘इंडिया कारपेट एक्सपो’ का शुक्रवार को नई दिल्ली के ओखला इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित एनएसआईसी प्रदर्शनी परिसर में उद्घाटन किया गया। इस चार दिवसीय मेले का उद्घाटन केंद्रीय कपड़ा मंत्री संतोष कुमार गंगवार ने किया।
भारत में शिल्प के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जाने वाले विभिन्न क्षेत्रों के 270 छोटे, मझोले एवं बड़े हस्तनिर्मित कालीन निर्माता और निर्यातक इस एक्सपो में अपने उत्पादों को प्रदर्शित कर रहे हैं।
कपड़ा मंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भारतीय हस्तनिर्मित कालीन उद्योग के नम्बर वन पायदान पर विराजमान रहने पर खुशी एवं संतुष्टि जताई। उन्होंने यह बात रेखांकित की कि वैश्विक बाजार की हालत कमजोर रहने के बावजूद भारतीय हस्तनिर्मित कालीन उद्योग 17 फीसदी वार्षिक की दर से बढ़ रहा है।
उन्होंने भारतीय निमार्ताओं एवं कारीगरों के प्रयासों की सराहना की और यह आश्वासन दिया कि भारत सरकार कालीन उद्योग और उसके निर्यात संबंधी प्रयासों को हरसंभव सहायता देने का सिलसिला जारी रखेगी।
इस अवसर पर भदोही से सांसद वीरेन्द्र सिंह, सचिव (कपड़ा) रश्मि वर्मा, विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) डॉ. के.गोपाल और सीईपीसी के अध्यक्ष कुलदीप आर.वटल भी उपस्थित थे।
वटल ने यह जानकारी दी कि मुख्यत: भारत सरकार के कपड़ा मंत्रालय की ओर से मिल रहे पूर्ण समर्थन की बदौलत हस्तनिर्मित कालीन के निर्यात में लगातार बढ़ोतरी का रुख देखा जा रहा है। 57 देशों के 437विदेशी कालीन खरीदारों ने इस मेले में अपने आगमन के लिए परिषद में पंजीकरण कराया है। प्रत्येक देश के चुनिंदा खरीदारों को इस मेले में आगमन के लिए परिषद की ओर से प्रोत्साहनों की पेशकश की जा रही है।
पहले दिन 240 से भी ज्यादा विदेशी कालीन खरीदार और 150 क्रय प्रतिनिधि इस मेले में आए।
dharmpath.com dharmpath