प्रशांत किशोर हमारे लिए कोई मुद्दा नहीं : ओम माथुर

लखनऊ, 13 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रभारी ओम माथुर ने रविवार को कहा कि चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के कांग्रेस से जुड़ने से भाजपा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी किसी को मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर पेश नहीं करेगी, बल्कि सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी।

ओम माथुर ने रविवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से ये बातें कहीं।

एक सवाल के जवाब में माथुर ने कहा कि प्रशांत किशोर किससे जुड़ते हैं और किससे नहीं, इससे पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता। पार्टी उन्हें गंभीरता से नहीं लेगी। पार्टी बिहार चुनाव प्रशांत किशोर की वजह से नहीं हारी थी।

माथुर ने कहा कि रविवार को संगठन की बैठक थी। इसमें यह तय किया गया था कि केंद्र सरकार की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता पूरी शिद्दत से जुटेंगे। जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और गृह मंत्री राजनाथ सिंह की सभाएं की जाएंगी।

पार्टी के प्रदेश प्रभारी से जब यह पूछा गया कि क्या पार्टी विधानसभा चुनाव में किसी को मुख्यमंत्री उम्मीदवार के रूप में पेश करेगी, उन्होंने कहा कि पार्टी सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी।

माथुर ने प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी के साथ मतभेदों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक चल रहा है। वाजपेयी शनिवार को आयोजित हुई बैठक में इसीलिए नहीं आए क्योंकि वह पुलिस महानिदेशक से मिलने चले गए थे।

वाजपेयी ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक से दूरी बना ली थी। आज (रविवार) भी वह पत्रकार वार्ता में माथुर के साथ दिखाई नहीं दिए। माथुर ने हालांकि कहा कि वाजपेयी रविवार को हुई बैठक में उपस्थित थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493