मुंबई, 14 मार्च (आईएएनएस)। टाइम्स ऑफ इंडिया फिल्म अवॉर्ड्स (टोइफा) के द्वितीय संस्करण में सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक के लिए नामित हुए फिल्म निर्देशक नीरज घयवान ने इस पर खुशी जताई है कि ऐसी फिल्मों को पसंद किया जा रहा है, जिनका कोई ‘सार’ है।
घयवान ने एक बयान में कहा, “टोइफा में नामित होना एक अच्छा संकेत है। यह दर्शाता है कि फिल्मों को वर्तमान संदर्भ में लिया जा रहा है। कुल मिलाकर बॉलीवुड में फिल्मों की कहानियों में सुधार हो रहा है। ऐसी फिल्मों को तरजीह दी जा रही है जो भव्य भले ही न हों, लेकिन उनका कोई सार हो।”
एक छोटे शहर के नैतिक मूल्यों की गिरफ्त से बचने को छटपटाते चार किरदारों पर आधारित कहानी पर बनी घयवान की फिल्म ‘मसान’ को भी आलोचकों की काफी सराहना मिली है।
फिल्म को प्रतिष्ठित कान्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भी दो पुरस्कार मिले हैं। फिल्म में ऋचा चड्ढा, विकी कौशल, संजय मिश्रा और श्वेता त्रिपाठी भी शामिल थे।
फिल्म को अब टोइफा का इंतजार है। यह पुरस्कार समारोह दुबई में 18 मार्च को आयोजित होगा।
dharmpath.com dharmpath