देहरादून, 14 मार्च (आईएएनएस)। उत्तराखंड के कई पहाड़ी क्षेत्रों में सोमवार को सामान्य से भारी बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
क्षेत्रीय मौसम विभाग ने बताया है कि राज्य में बारिश जारी रहेगी, जबकि कुछ हिस्सों में बर्फबारी भी हो सकती है।
राज्य में पिछले 24 घंटे की बारिश के बाद बद्रीनाथ राजमार्ग पर भूस्खलन हुआ है, जिस वजह से पीपलकोटी और जोशीमठ में यातायात अवरुद्ध हो गया। राज्य के कई हिस्सों में बिजली बाधित हो गई।
बारिश की वजह से तुंगनाथ, मदमहेश्वर, नीलकंठ कामेट, नंदा देवी, दोदितल, धारा बुग्याल, हेमकुंड साहिब, बद्रीनाथ, यमुनोत्री, गंगोत्री और केदारनाथ में पारा लुढ़क गया।
पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश और मौसम में बदलाव के बाद रक्षा मंत्रालय ने राज्य सरकार को संभावित हिमस्खलन को लेकर सतर्क किया है।
राज्य सरकार ने पिथौरगढ़, रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और चमोली के जिला प्रशासनों को सतर्क कर दिया है।
मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह ने हिमस्खलन की चेतावनी के मद्देनजर सरकारी तैयारियों का जायजा लेने के लिए रविवार को एक बैठक की।
dharmpath.com dharmpath