कोलंबो, 14 मार्च (आईएएनएस)। श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रिपला सिरिसेना ने नेशनल पावर ग्रिड से जुड़े विद्युत उपकेंद्रों की सुरक्षा के लिए सैन्यकर्मियों को तैनात करने का सोमवार को आदेश दिया। बिजली आपूर्ति में बार-बार आ रही बाधा के बाद राष्ट्रपति का यह आदेश सामने आया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के अनुसार, रविवार को सात घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही और पिछले छह महीनों के दौरान ऐसा तीसरी बार हुआ है।
सिलोन इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड ने कहा कि कोलंबो के बाहरी इलाके में विस्फोट व ट्रांसफॉर्मर को हुए नुकसान के कारण बिजली आपूर्ति में बाधा आई।
श्रीलंका में रविवार को हुई बिजली आपूर्ति में बाधा बीते 20 वर्षो के दौरान सबसे अधिक समय तक रही। नेशनल ग्रिड में गड़बड़ी के कारण सोमवार को भी कई इलाकों में बिजली नदारद रही।
बिजली नदारद होने से पानी की भी किल्लत हो गई। साथ ही ट्रैफिक सिग्नल के काम न करने से कई इलाकों में यातायात जाम की समस्या भी पैदा हो गई।
सरकार ने बिजली आपूर्ति में बाधा को ‘विचित्र’ करार दिया है और अंदेशा जताया है कि साजिश के तहत की गई तोड़फोड़ के कारण पूरे देश में बिजली आपूर्ति में बाधा आई है।
बीते तीन महीनों में बिजली आपूर्ति में तीन बार बाधा पैदा होने की पूरी जिम्मेदारी लेते हुए सिलोन इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के अध्यक्ष अनुरा विजेपाला ने रविवार को इस्तीफा दे दिया।
dharmpath.com dharmpath