मुंबई, 14 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पूर्व उप मुख्यमंत्री छगन भुजबल भ्रष्टाचार के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन पर सोमवार को इसके दफ्तर में हाजिर हुए।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता भुजबल के साथ उनकी पार्टी के सहयोगी जितेंद्र अवहाद, कई विधायक, पार्टी के कार्यकर्ता और नासिक से उनके समर्थक थे। उन्होंने भुजबल के प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालय में प्रवेश करने पर उनके पक्ष में नारेबाजी की।
भुजबल की पेशी को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए थे। निदेशालय के आसपास के इलाके में एक स्थान पर चार या पांच से अधिक लोगों के जमा होने पर पाबंदी लगा दी गई थी।
भुजबल को यह समन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद किरीट सोमैया की शिकायत पर आठ मार्च को भेजा गया था। किरीट ने नई दिल्ली में नवीन महाराष्ट्र सदन के निर्माण में कथित धांधलियों को लेकर धनाशोधन अधिनियम (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) तथा विदेशी विनिमय प्रबंधन अधिनिमय के तहत दर्ज मामलों में शिकायत की थी।
dharmpath.com dharmpath