नई दिल्ली, 14 मार्च (आईएएनएस)। सहारा प्रमुख सुब्रत राय को जेल में रहते दो साल बीत गए हैं, लेकिन उनके लिए एक ऐसी खबर भी है जिससे वह खुश हो सकते हैं। पिछले माह छपकर बाजार में पहुंची उनकी पुस्तक ‘लाइफ मंत्राज’ को निल्सन बुकस्केन ने कथा साहित्य से इतर श्रेणी में ‘बेस्टसेलर’ करार दिया है। निल्सन बुकस्केन प्रकाशन उद्योग को आंकड़े मुहैया कराता है।
‘लाइफ मंत्राज’ का प्रकाशन रूपा पब्लिकेशन ने किया है। राय की ‘थॉट्स फ्रॉम तिहाड़’ शीर्षक से प्रकाशित होने वाली तीन पुस्तकों में ‘लाइफ मंत्राज’ पहली है। सुब्रत राय सहारा के निवेशकों के 24 हजार करोड़ रुपये लौटा पाने में नाकाम रहने की वजह से जेल में हैं।
निल्सन बुकस्केन के भारत एवं एशिया प्रशांत क्षेत्र के निदेशक विक्रांत माथुर ने बताया, “यह पुस्तक मनोरमा ईयरबुक 2016 को दूसरे स्थान पर खिसकाते हुए 14-20 फरवरी के बीच शीर्ष पर पहुंच गई थी। उस हफ्ते ट्विंकल खन्ना की किताब ‘मिस्ट्रेस फनीबोन्स’ तीसरे स्थान पर थी।
माथुर के अनुसार, “अब यह किताब (लाइफ मंत्राज) खिसक कर चार्ट में तीसरे स्थान पर स्थान पर आ गई है।”
माथुर बताते हैं, “हम लोग ऑनलाइन एवं दुकानों के जरिये किताबें बेचने वाले, दोनों के आंकड़े जुटाते हैं। हम साप्ताहिक आधार पर आंकड़े एकत्र करते हैं। खुदरा किताबें बेचने वाले जो दुकानदार हमारे पैनल में हैं, उनके पास ईपीओएस की सुविधा है। बिक्री की इलेक्ट्रॉनिक प्वाइंट प्रणाली को ईपीओएस के नाम से जाना जाता है। वे इसके जरिये हमें आंकड़े भेजते हैं। इसमें किसे किताब बेची गई, इसकी भी जानकारी रहती है। यह सर्वेक्षण हर रविवार से शनिवार तक किया जाता है। हालांकि, इसके दायरे में पूरी दुनिया का बाजार नहीं आता।”
उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया कि ‘लाइफ मंत्राज’ की कितनी प्रतियां बिकीं।
जेल के जीवनकाल को दुखदायी और अकेलापन वाला बताते हुए राय ने कहा है कि उन्होंने पूरी तरह से तनावमुक्त होकर जीना सीख लिया है।
सुब्रत राय की दूसरी पुस्तक ‘थिंक विद मी-हाउ टू मेक योर कंट्री आइडियल’ और तीसरी किताब ‘रिफ्लेक्शंस फ्रॉम तिहाड़-ए बुक ऑन तिहाड़ जेल’ को भी रूपा प्रकाशन ही प्रकाशित करने जा रहा है। इन दोनों के भी जल्द ही बाजार में आने की उम्मीद है।
dharmpath.com dharmpath