काश! पिछली सरकारों ने काम किया होता : अखिलेश

लखनऊ, 15 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपनी सरकार के चार वर्ष पूरे होने के मौके पर विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। साथ ही चार वर्षो के दौरान सरकार की उपलब्धियों का बखान भी किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने अगर उप्र के विकास पर थोड़ा भी ध्यान दिया होता तो आज राज्य के विकास की तस्वीर अलग होती।

मुख्यमंत्री ने सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर अपने आवास 5, कालिदास मार्ग में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान अखिलेश ने बिजली विभाग की करोड़ों रुपये की कई योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

अखिलेश ने कहा, “सरकार आज चार वर्ष पूरे कर रही है। बिजली के साथ ही कई विभागों में काफी काम हुआ है। यदि विभाग की योजनाओं का जिक्र करने लग जाऊं तो काफी समय लगेगा। अधिकारियों ने टीम भावना के साथ काम कर दिखाया है। अधिकारियों के साथ सिर्फ सख्ती से ही काम नहीं लिया जा सकता, बल्कि प्यार से भी लिया जा सकता है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में अगर जनता का साथ मिला तो आने वाले समय में उप्र की तस्वीर अलग होगी। उन्होंने कहा, “सबसे बड़ी सरकार की उपलब्धि यही है कि सरकार चार वर्षो के दौरान लोकतांत्रित रही है और सबकी बात सुनी गई है।”

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उप्र में लखनऊ मेट्रो पर काफी तेजी से काम हो रहा है। अक्टूबर एवं नवंबर तक यह शुरू हो जाएगा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को लेकर भी काफी तेजी से काम चल रहा है। एक बार जब सड़क पर आवागमन शुरू हो जाएगा, तब आसपास के गांवों की अर्थव्यवस्था बदल जाएगी। इसका लाभ सीधेतौर पर किसानों को मिलेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493