पोखरा, 17 मार्च (आईएएनएस)। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने यहां गुरुवार को कहा कि दक्षिण एशियाई देशों के विकास के लिए संपर्क एक धुरी है, इसलिए आपसी संपर्क बढ़ाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा, “संपर्क ही हमारे विकास का केंद्र है और यही तय करेगा कि हमारे विकास, रोजगार और समृद्धि के लक्ष्य कैसे पूरे होंगे।”
सुषमा ने यह बात सार्क (दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन) के देशों के मंत्रियों के सम्मेलन में कही।
उन्होंने कहा, “हम संपर्क की बुनियादी समस्याओं को दूर करना चाहते हैं। यह हमारे लिए महत्वपूर्ण है कि रेल और सड़क संपर्क के लंबित समझौतों को जल्द पूरा करें। इससे आर्थिक गतिविधियों, सांस्कृतिक संबंध और लोगों का एक दूसरे से संपर्क में तेजी आएगी।”
उन्होंने दक्षिण एशिया के बारे में कहा, “यह दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक है। हमने अपनी अर्थव्यवस्थाओं को एकीकृत करने के लिए साफ्टा (साउथ एशियन फ्री ट्रेड एग्रीमेंट) और साउथ एशियन ट्रेड इन सर्विस एग्रीमेंट के माध्यम से महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अगर हम एक दक्षिण एशियाई आर्थिक संघ पाना चाहते हैं तो उसके लिए हमें अपनी अर्थव्यवस्थाओं को विकसित और एकीकृत करने की जरूरत है।”
उन्होंने कहा कि सार्क देशों का आपस में व्यापार वैश्विक व्यापार का महज 6 फीसदी है। वहीं, अंतरक्षेत्रीय एफडीआई खाता कुल एफडीआई का महज 3 फीसदी है।
सुषमा ने कहा कि उनकी सरकार का सबका साथ सबका विकास का नारा समूचे सार्क क्षेत्र के लिए है। उन्होंने कहा कि सार्क देशों के छात्रों के लिए भारतीय विश्वविद्यालयों के द्वार खुले हैं।
उन्होंने कहा, “हम साउथ एशियन विश्वविद्यालय के परिसर और अवसंरचना को विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, क्योंकि इसका गठन सार्क देशों के छात्रों को ध्यान में रखकर किया गया है।”
सुषमा ने इसके अलावा सार्क पर्यावरण एवं आपदा प्रबंधन संस्थान को भारत में स्थापित करने के लिए सार्क देशों से सहयोग की मांग की।
इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विदेशी संबंध सलाहकार सरताज अजीज से पोखरा में गुरुवार सुबह मुलाकात की।
उनकी यह मुलाकात नेपाल के उप प्रधानमंत्री कमल थापा की ओर से आयोजित नाश्ते पर हुई।
सुषमा और सरताज 37वें दक्षेस मंत्री परिषद की बैठक में शामिल होने के लिए बुधवार को पोखरा पहुंचे। दक्षेस मंत्रि-परिषद की बैठक का उद्घाटन गुरुवार को नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली करेंगे।
नाश्ते पर सुषमा व अजीज की मुलाकात करीब पांच मिनट चली और बाद में वे उप प्रधानमंत्री थापा का रुख कर गए। उनकी पहली मुलाकात बुधवार को रात्रिभोज पर हुई थी।
सुषमा और अजीज की गुरुवार शाम को भी एक मुलाकात होनी है।
dharmpath.com dharmpath