रोजा के निलंबन पर आंध्र विधानसभा 2 बार स्थगित

हैदराबाद, 19 मार्च (आईएएनएस)। वाईएसआर कांग्रेस के विधायक आर.के. रोजा के निलंबन पर आंध्र प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही शनिवार को दो बार स्थगित करनी पड़ी। वाईएसआर कांग्रेस के विधायक रोजा के सदन की कार्यवाही में भाग लेने की अनुमति के मुद्दे पर अड़े रहे।

सदन में विपक्षी पार्टी वाईएसआर कांग्रेस के सभी सदस्य विरोध स्वरूप काले कपड़े में आए थे। ये लोग विधानसभा अध्यक्ष के. शिव प्रसाद राव से कह रहे थे कि वे अदालत के फैसले का सम्मान करें, जिसमें विधायक रोजा के सदन से एक साल के लिए निलंबन पर रोक लगाई गई है।

वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के सदस्य तेलुगू देशम पार्टी की सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे और अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही नहीं संचालित करने दे रहे थे।

हो-हल्ला के बीच अध्यक्ष ने पहले सदन की कार्यवाही दस मिनट के लिए स्थगित की। जब सदन की कार्यवाही पुन: शुरू हुई तो वाईएसआर कांग्रेस के सदस्यों का विरोध जारी रहा। इस पर बाध्य होकर अध्यक्ष ने फिर सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।

उधर, रोजा मौन विरोध के रूप में सुबह से ही विधानसभा परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के निकट बैठी हुई थीं। उनके साथ वाईएसआर कांग्रेस के कुछ सदस्य एकजुटता दिखने के लिए साथ थे।

विदित हो कि हैदराबाद स्थित आंध्र प्रदेश और तेलंगाना उच्च न्यायालय ने विधायक रोजा के निलंबन से संबंधित विधानसभा अध्यक्ष के आदेश पर गुरुवार को रोक लगा दी थी।

फिर भी अभिनेत्री से नेता बनी रोजा को शुक्रवार को विधानसभा में प्रवेश करने से रोक दिया गया।

उधर, राज्य सरकार ने उच्च न्यायालय के अंतरिम फैसले को उच्च न्यायालय में ही चुनौती दी है। अब इस मामले पर सुनवाई सोमवार को होगी।

बजट सत्र में रोजा को भाग नहीं लेने देने की कार्रवाई का विपक्षी पार्टी ने कड़ा विरोध किया। विपक्ष ने इस मुद्दे पर राज्यपाल ई.एस.एल. नरसिम्हन से भी मुलाकात की।

ज्ञात हो कि विधानसभा अध्यक्ष के आदेश को चुनौती देने वाली रोजा की याचिका पर न्यायमूर्ति रामलिंगेश्वर राव ने गुरुवार को अंतरिम आदेश दिया था।

उल्लेखनीय है कि रोजा को शीत सत्र के दौरान एक साल के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने निलंबित किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री चंद्राबाबू नायडू समेत तेलुगू देशम पार्टी के सदस्यों के खिलाफ कथित रूप से अशिष्ट भाषा का प्रयोग किया था।

विधानसभा अध्यक्ष ने शुकवार को कहा था कि रोजा मामले में अदालत के आदेश पर चर्चा कराई जाएगी। सभी सदस्यों को आदेश की प्रति उपलब्ध कराई जाएगी। अध्यक्ष ने सदस्यों को आदेश की प्रति पढ़ने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस मसले पर चर्चा सोमवार को होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493