म्यांमार में संसद ने नई सरकार के गठन को मंजूरी दी

नेपीथा, 21 मार्च (आईएएनएस)। म्यांमार की संसद यूनियन पार्लियामेंट ने सोमवार को नवनिर्वाचित राष्ट्रपति यू हटिन क्याव की कम मंत्रालयों वाली नई सरकार के गठन की योजना को अपनी अनमुति दे दी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, क्याव के प्रस्ताव को तीन के मुकाबले 611 वोटों से मंजूरी मिल गई। मतदान प्रक्रिया में 21 सदस्य शामिल नहीं हुए।

नवनिर्वाचित राष्ट्रपति क्याव ने सोमवार को यूनियन पार्लियामेंट में अपनी पहली सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज कराई और संसद को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने 21 मंत्रालयों व 18 मंत्रियों को लेकर नई सरकार बनाने के अपने प्रस्ताव को स्पष्ट किया। निवर्तमान सरकार में 36 मंत्रालय व 32 मंत्री हैं।

क्याव ने कहा कि उनके मंत्रिमंडल का उद्देश्य मात्रा की बजाय गुणवत्ता को प्राथमिकता, भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का गठन, राष्ट्रहित पर ध्यान देना, जनता के पैसे को बचाना और एक कुशल व सम्मिलित सरकार बनाना है।

उन्होंने कहा कि कुछ मंत्रालय हटाने से देश का बजट पांच अरब क्यात (करीब 50 लाख डॉलर) से ज्यादा तक बचाया जा सकता है, जिसे शिक्षा, स्वास्थ्य व ग्रामीण विकास फंड के रूप में उपयोग में लाया जा सकता है।

क्याव ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को अपनी नौकरी की चिंता करने की जरूरत नहीं है और उनका सरकारी कर्मचारियों के लिए बनाए गए कानून के तहत पहले की तरह ध्यान रखा जाएगा।

क्याव की सरकार गठन संबंधी योजना के मुताबिक, कुछ मंत्रालयों का एक-दूसरे में विलय किया जाएगा, जैसे सात मंत्रालयों को राष्ट्रपति कार्यालय में मिलाया जाएगा।

इस बीच, सोमवार को घोषित एजेंडे के अनुसार, क्याव मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वालों के नाम अनुमोदन के लिए मंगलवार को यूनियन पार्लियामेंट भेजेंगे।

नई सरकार 30 मार्च को शपथ-ग्रहण करेगी और एक अप्रैल से पदभार संभालेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493