उत्तराखंड : केंद्र को नए सिरे से भेजा जाएगा स्मार्ट सिटी का प्रस्ताव

देहरादून, 21 मार्च (आईएएनएस)। उत्तराखंड सरकार ने देहरादून में चाय बागान पर स्मार्ट सिटी नहीं बनाने का फैसला लिया है। राज्य सरकार अब केंद्र को नए सिरे से शहर के कुछ हिस्सों के रेट्रोफिटिंग का प्रस्ताव भेजने की तैयारी कर रही है।

इसके साथ ही अब चाय बागान पर स्मार्ट सिटी बनाने के सरकार के फैसले को लेकर चल रहा विरोध भी थमने के आसार हैं।

मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की उपाध्यक्ष मीनाक्षी सुंदरम के अनुसार केंद्र सरकार को देहरादून जोन-4 के रेट्रोफिटिंग का प्रस्ताव नए सिरे से भेजा जाएगा। इसकी तैयारी की जा रही है। इस जोन में घंटाघर, चकराता रोड, जीएमएस रोड और बल्लूपुर चौक क्षेत्र की कलोनियां आती हैं।

वहीं एमडीडीए का कहना है कि हाल ही में कराए गए सर्वे में सबसे ज्यादा लोगों ने ग्रीन फील्ड में ही स्मार्ट सिटी बनाने को तरजीह दी थी। चाय बागान वाले हिस्से को ज्यादा पसंद किया जा रहा था।

एमडीडीए के सूत्रों के अनुसार, ग्रीन फील्ड पर स्मार्ट सिटी नहीं बनाने का फैसला केंद्र सरकार के रुख को लेकर किया गया है, क्योंकि केंद्र सरकार ग्रीन फील्ड के प्रस्ताव को ज्यादा तरजीह नहीं दे रही थी।

केंद्र का मानना है कि प्रस्ताव कम समय में निर्माण का हो, जबकि ग्रीन फील्ड में निर्माण में ज्यादा समय लगता, इसलिए शहर के कुछ हिस्सों को स्मार्ट बनाने का फैसला राज्य सरकार ने लिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493