ब्रसेल्स हवाई अड्डे पर आतंकी हमले में 13 मरे (लीड-3)

ब्रसेल्स, 22 मार्च (आईएएनएस)। बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स के जेवेंतम हवाईअड्डे पर मंगलवार को हुए दो विस्फोटों में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है और 30 से अधिक घायल हुए। ये विस्फोट पेरिस हमले के संदिग्ध सलाह अब्देसलाम की यहां हुई गिरफ्तारी के कुछ ही दिनों बाद हुए हैं।

मीडिया की खबरों में कहा गया है कि सुबह आठ बजे के बाद एक के बाद एक लगातार हुए इन विस्फोटों में बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। विस्फोट से प्रस्थान हॉल में लगी फाल्स सीलिंग का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। इससे वहां लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

इसके बाद बेल्जियम ने तत्काल आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर चेतावनी जारी कर दी, लेकिन यूरोपीय संघ की इमारत के पास मुख्य मेट्रो स्टेशन पर भी तीसरा विस्फोट हो गया। हवाई अड्डे और स्टेशन दोनों को बंद कर दिया गया है।

बीबीसी और अधिकांश मीडिया ने कहा है कि हवाईअड्डे पर बहुत लोगों की मौत हुई है। बेल्जियम के प्रसारक आरटीबीएफ ने अस्पताल के सूत्रों के हवाले से कहा है कि 10 लोगों की मौत हुई है, जबकि 30 घायल हैं। लंदन स्थित डेली मेल ने मृतकों की संख्या 13 बताई है। लोगों को चेहरे से खून गिरते हवाईअड्डे की इमारत से बाहर निकलते देखा गया।

भारत सरकार ने नई दिल्ली में कहा है कि किसी भारतीय के हताहत होने की खबर नहीं है। शुरुआती खबरों में कहा गया था कि ये विस्फोट अमेरिकन एयरलाइंस की डेस्क पर हुए, लेकिन बाद की खबरों में कहा गया कि एक विस्फोट रनवे पर हुआ, जबकि दूसरा उस प्रस्थान स्थल के पास हुआ जहां तक आम लोग आसानी से पहुंच सकते थे।

बीबीसी ने कहा है कि बेल्जा समाचार एजेंसी ने खबर दी है कि इन दोनों विस्फोटों से पहले गोलियां भी चलाई गईं एवं अरबी में चिल्लाते हुए भी सुना गया।

तस्वीरों में दिखता है कि विस्फोट से हवाईअड्डे की इमारत की खिड़कियां बाहर निकल गईं है और दूर तक आकाश में धुएं का गुबार उठ रहा है। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि दहशतजदा यात्री अपनी जान बचाने के लिए हवाईअड्डे से बाहर भाग रहे हैं।

‘स्काइन्यूज’ के खाड़ी के देशों के संवाददाता एलेक्स रॉसी तेल अवीव जाने के लिए हवाई अड्डे पर थे। उन्होंने कहा, “मैं उस इमारत की गतिविधियों को महसूस कर सकता था।”

बेल्जियम की राजधानी में यह घटना तब घटी जब देश में हाईअलर्ट जारी था। खासकर पेरिस हमले के संदिग्ध सलाह अब्देसलाम की पिछले हफ्ते यहां हुई गिरफ्तारी के बाद से हाई अलर्ट था।

सोमवार को ही बेल्जियम के गृहमंत्री जन जामबोन ने कहा था कि 26 वर्षीय अब्देसलाम की गिरफ्तारी के बाद संभावित बदले की कार्रवाई के लिए देश तैयार है।

सीएनएन ने एंटॉनी बारेट नाम के पर्यटक को यह कहते उद्धृत किया है कि उसने सुबह आठ बजे के करीब हवाईअड्डे से लगे होटल से विस्फोटों की आवाजें सुनीं। उसने जब खिड़की का पर्दा हटाकर बाहर देखा तो वह लोगों की भावनाएं महसूस कर सकता था।

बारेट ने कहा कि उसने तब तक 19-20 स्ट्रेचर पर लोगों को ले जाते देखा कहा। घायलों को ढोने लिए सामान ढोने वाली ट्रॉली का भी उपयोग किया जा रहा था।

उसने कहा, यह स्पष्ट रूप से एक बहुत बड़ी घटना है।

ब्रसेल्स हवाई अड्डे की ओर से कहा गया है कि दो विस्फोट हुए हैं। इमारत खाली कराई जा रही है। हवाईअड्डे वाले इलाके में न आएं।

फ्रांस अब्देसलाम का प्रत्यर्पण चाहता है, ताकि वह पिछले साल 13 नवंबर को हुए पेरिस आतंकी हमले में कथित भूमिका को लेकर उस पर मुकदमा चला सके। पेरिस हमले में 130 लोगों की जान गई थी।

बेल्जियम के प्रधानमंत्री चार्ल्स माइकल ने कहा कि वे पल-पल की स्थिति पर नजर रख रहे हैं।

फ्लाइटट्रेडर24 वेबसाइट के अनुसार, मुंबई से ब्रसेल्स पहुंचा जेट एयरवेज का एक विमान विस्फोट से पहले 7.11 बजे उतरा था। एक दूसरी फ्लाइट जो दिल्ली से गई थी वह विस्फोट के बाद सुबह 8.08 बजे पहुंची। एयरलाइन्स ने कहा है कि वह चालकदल के सदस्यों और यात्रियों की स्थिति का पता लगाने की कोशिश कर रहा है। विमान सुरक्षित है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा है कि उन्होंने बेल्जियम में भारत के राजदूत मनजीव सिंह पुरी से बात की है। किसी भारतीय के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493