मप्र में होली की धूम

भोपाल, 23 मार्च (आईएएनएस)। रंगों का पर्व होली मध्य प्रदेश में उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। देवालयों में जहां श्रद्घालु अपने आराध्यों को रंग-गुलाल लगाकर आशीर्वाद ले रहे हैं, वहीं सड़कों पर हुरियारों की टोलियां घूम रही हैं।

राज्य की राजधानी भोपाल सहित कई स्थानों पर बुधवार को होली मनाई जा रही हैं, तो कई स्थानों पर गुरुवार को होली का पर्व मनाया जाएगा। उज्जैन के बाबा महाकाल के दरबार में मंगलवार की रात होलिका दहन के बाद रंग-अबीर से होली खेली गई और बुधवार सुबह भस्मारती के मौके पर बाबा महाकाल के दरबार में जमकर होली खेली गई तथा अबीर-गुलाल खूब उड़ा।

राजधानी में मंगलवार की रात और बुधवार की अलसुबह होलिका दहन किया गया। बुधवार सुबह से ही हुरियारों की टोलियां घूमने लगी। राजधानी की लगभग हर सड़क पर रंग और गुलाल उड़ता नजर आ रहा है।

इसी तरह राज्य के अन्य शहरों में होली का रंग चढ़ने लगा है। दूसरी ओर देवालयों में श्रद्घालु अपने आराध्य की पूजा-अर्चना करने में लगे हुए है। मंदिरों में श्रद्घालुओं की भीड़ उमड़ी हुई है।

वहीं, होली को होने वाले हादसों को ध्यान में रखते हुए सरकारी अस्पतालों में विशेष इंतजाम किए गए हैं। राजधानी के तीन अस्पतालों में चिकित्सकों की तैनाती की गई है। इसी तरह अन्य जिलों के अस्पतालों में भी विशेष चिकित्सकीय इंतजाम किए गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493