सासाराम, 23 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के रोहतास जिले में बुधवार को दो अलग-अलग सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, शिवसागर में कुछ लोग बुधवार तड़के होलिका दहन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-2 पर एक बेकाबू ट्रक ने तीन लोगों को कुचल दिया। इस दुर्घटना में घटनास्थल पर ही तीन लोगों की मौत हो गई।
शिवसागर के थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि सभी मृतक शिवसागर के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
घटना के बाद नाराज लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-2 को जाम कर दिया। ग्रामीण हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद लोग सड़क से हट गए।
इधर, मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अमरा तालाब के समीप दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए स्थानीय एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
dharmpath.com dharmpath