हैदराबाद, 23 मार्च (आईएएनएस)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार हैदराबाद में हैं, जहां उन्होंने दलित शोधार्थी रोहित वेमुला की खुदकुशी को लेकर छात्रों द्वारा किए जा रहे विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही है।
पुलिस ने हालांकि विश्वविद्यालय परिसर में बाहरी लोगों का प्रवेश रोक दिया है, जिससे यहां तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई है।
कन्हैया ने यहां पहुंचने के बाद संवाददाताओं से कहा कि वह शाम को विश्वविद्यालय जाएंगे, जहां वह रोहित को श्रद्धांजलि देंगे और उनकी मां तथा भाई से मिलेंगे।
जेएनयू छात्र संघ के नेता ने कहा, “हम विश्वविद्यालय परिसरों में सामाजिक न्याय तथा रोहित के सपनों को पूरा करने के लिए लड़ रहे हैं, ताकि भविष्य में कोई भी छात्र यह न कहे कि दलित के रूप में उसका जन्म एक हादसा है।”
कन्हैया प्रदर्शनकारी छात्रों को संबोधित भी कर सकते हैं, जो रोहित के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं।
रोहित ने इस साल 17 जनवरी को खुदकुशी कर ली थी। उसने यह कदम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से झड़प के बाद चार दलित छात्रों के साथ निलंबित किए जाने के बाद उठाया था।
कन्हैया का हैदराबाद दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब हैदराबाद विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति में उबाल आया हुआ है।
विश्वविद्यालय के छात्र कुलपति पी. अप्पा राव की वापसी के खिलाफ विरोध कर रहे हैं। छात्रों ने रोहित की आत्महत्या के लिए राव को भी जिम्मेदार ठहराया है, जो दो माह के अवकाश के बाद काम पर लौटे हैं।
छात्रों का प्रदर्शन मंगलवार को हो रहा था, जब पुलिस तथा छात्रों के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने इस दौरान दो फैकल्टी सदस्यों और करीब 25 छात्रों को भी गिरफ्तार कर लिया।
कांग्रेस सांसद हनुमंत राव ने विश्वविद्यालय परिसर के मुख्य द्वार पर संवाददाताओं से कहा कि राव को छात्रों को उकसाने और कन्हैया के दौरे को विफल करने के लिए वापस भेजा गया है।
इस बीच, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के नेता के. नारायण और अन्य ने हैदराबाद हवाईअड्डे पर कन्हैया का स्वागत किया। यहां से वह सीधे एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोंडापुर चले गए।
कन्हैया शाम को विश्वविद्यालय परिसर पहुंचेंगे। वह भाकपा के मुख्यालय भी जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath