जम्मू, 25 मार्च (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में सरकार गठन पर चर्चा के लिए भाजपा विधायकों ने शुक्रवार को यहां बैठक की।
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह और जम्मू एवं कश्मीर के प्रभारी भाजपा महासचिव राम माधव ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
जितेंद्र सिंह और राम माधव शुक्रवार को यहां दिन के प्रथम पहर में पहुंचे और सीधे राजकीय अतिथिगृह के लिए रवाना हो गए, जहां बैठक हुई।
सूत्रों के अनुसार, राम माधव ने पार्टी विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को हाल की घटनाओं और प्रधानमंत्री से पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती की मंगलवार को हुई मुलाकात के बारे में बताया।
भाजपा सूत्र ने आईएएनएस से कहा, “कोई नई शर्त स्वीकार नहीं की गई है। गठबंधन के लिए पहले बने एजेंडे के आधार पर ही पीडीपी-भाजपा गठबंधन बना रहेगा।”
कठुआ-उधमपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद जितेंद्र सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में सरकार गठन के तौर-तरीके तय करने के लिए भाजपा-पीडीपी समन्वय समिति की बैठक होगी। सरकार महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व में बनेगी। वह राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री होंगी।
राज्यपाल एन.एन. वोहरा ने भाजपा और पीडीपी के प्रदेश अध्यक्षों से शुक्रवार को अलग-अलग राजभवन में मिलने को कहा है।
उललेखनीय है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद इस साल जनवरी से ही जम्मू एवं कश्मीर में राज्यपाल शासन लागू है।
dharmpath.com dharmpath