बांग्लादेशी घुसपैठ रोकेगी भाजपा सरकार : मोदी

बिहपुरिया, 26 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को असम में चुनावी रैली के दौरान कहा कि उनकी सरकार बांग्लादेश से घुसपैठ रोकने के लिए कदम उठा रही है। मोदी ने कहा कि उनकी सरकार साथ ही यह भी सुनिश्चित करेगी कि असम में घुसपैठियों को उनके देश वापस भेज दिया जाए।

मोदी ने असम के लखीमपुर जिले के बिहपुरिया के नजदीक नारायणपुर में एक रैली के दौरान यह कहा।

मोदी ने कहा, “इन वर्षो में असम में समान विकास नहीं हुआ। राज्य के कुछ इलाकों में विकास हुआ, जबकि राज्य सरकार ने कुछ हिस्सों की अवहेलना की है। असम सरकार बांग्लादेशियों को सोने की थाली परोसती है, लेकिन स्वदेशी लोगों से वह भी ले लेती है जो उनके पास है।”

मोदी ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए इसे ‘अपराधिक लापरवाही’ कहा।

मोदी ने कहा, “हम दिल्ली में ऐसे कदम उठा रहे हैं, जिससे असम में न केवल घुसपैठ पर लगाम लगेगी, बल्कि हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि असम में रह रहे घुसपैठिए वापस जाएं।”

मोदी ने कहा कि असम की जनता ने पहले ही आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में मत देने का फैसला कर लिया है।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस देश की सभी समस्याओं का कारण रही है। हमें इस बार कांग्रेस को अवश्य हराना चाहिए।”

कांग्रेस पर प्रहार करते हुए, मोदी ने कहा कि कांग्रेस पहले ही देश पर 60 साल शासन कर चुकी है, लेकिन असम के 60 प्रतिशत से भी अधिक लोग बिजली की पहुंच से दूर हैं और अंधेरे में जीने को मजबूर हैं।

मोदी ने कहा कि अगर भाजपा असम में सत्तारूढ़ होती है तो केंद्र और राज्य सरकारें साथ मिलकर काम करेंगी और असम के विकास को एक नई ऊंचाई पर ले जाएंगी, जिससे लोगों के रहन-सहन के स्तर में बदलाव आएगा।

मोदी ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार संसद में अंतर्देशीय जलमार्ग का प्रस्ताव ला रही है। यह प्रस्ताव पारित होने पर असम के लोगों को लाभ होगा। खासतौर पर इससे ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष लाभ होगा।

प्रधानमंत्री ने असम के गरीब परिवारों को घर मुहैया कराने का भी आश्वासन दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493