गैर-भाजपा सरकारों को अस्थिर करने में जुटी भाजपा : तुकी

नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नबाम तुकी ने उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने को ‘लोकतंत्र की हत्या’ बताया और रविवार को कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार देश में लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित गैर-भाजपा सरकारों को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है।

तुकी ने आईएएनएस से कहा, “वे अरुणाचल में मेरी लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सरकार के साथ यह प्रयोग करने में सफल रहे हैं। उत्तराखंड में भी वे अपने गंदे राजनीतिक खेल में सफल रहे हैं। वे अन्य राज्यों की गैर-भाजपा सरकारों को भी निश्चित तौर पर निशाना बनाएंगे।”

तुकी ने कहा, “यह जानकर कि अपने चुनावी वादों में असफल होने के बाद लोग अब उनका समर्थन नहीं कर रहे, वे इस तरह के गंदे राजनीतिक खेल (राष्ट्रपति शासन) खेल रहे हैं।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “जनता ने उन्हें (भारतीय जनता पार्टी) बिहार में भी स्पष्ट तौर पर अस्वीकार कर दिया है। मुझे नहीं लगता कि मोदी के ‘अच्छे दिन’ लाने में असफल रहने के बाद और भाजपा की विभाजनकारी राजनीति के चलते असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी के लोग भी उन्हें शासन का कोई मौका देंगे।”

तुकी की पार्टी के 21 विधायकों की बगावत के बाद 26 जनवरी को उनकी कांग्रेस सरकार गिरा दी गई थी और राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया था।

तुकी ने भाजपा पर संविधान के अपमान का आरोप लगाया है।

तुकी ने सवाल उठाया, “उन्होंने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए मेरी सरकार को अपदस्थ कर दिया। हरीश रावत के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार के साथ भी ऐसा ही किया गया। क्या वे संविधान में निहित नियमों से अलग नियमों का पालन कर रहे हैं?”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493