पठानकोट हमला : भारत में पाकिस्तान की जांच पर सवाल

नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस ने पठानकोट आतंकवादी हमले की जांच के लिए पाकिस्तानी जांच दल को पठानकोट वायुसेना अड्डे में प्रवेश की मंजूरी देने को लेकर सोमवार को सरकार पर सवाल उठाया।

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, “पाकिस्तान ने कार्रवाई करने का कोई आश्वासन नहीं दिया है। इसके बावजूद उसके जांच दल को पठानकोट आतंकवादी हमले की जांच (भारत में) की अनुमति दी गई।”

सुरजेवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार सीमा पार से साजिश रचने वाले अराजक व सरकारी तत्वों में विभेद करने में नाकाम साबित हुई है।

उन्होंने कहा, “क्या यह कदम (पाकिस्तानी जांच दल को भारत में जांच करने की मंजूरी प्रदान करना) साबित करता है कि पाकिस्तान (सरकार) का भारत में आतंकवाद फैलाने में कोई योगदान नहीं है।”

कांग्रेस नेता ने कहा, “प्रधानमंत्री को अच्छी तरह आत्मविश्लेषण करने के बाद देश को जवाब देना चाहिए। इसकी क्या गारंटी है कि जांच दल आतंकवादियों का समर्थन नहीं करेगा।”

उन्होंने कहा, “आखिर जांच कैसे होगी? आतंकवादियों को भारत सरकार के हाथों सौंप दिया जाएगा या पाकिस्तानी अदालतों में उनके खिलाफ मुकदमा चलेगा?”

पंजाब के पठानकोट वायुसेना अड्डे पर दो जनवरी को हुए आतंकवादी हमले की जांच करने पाकिस्तान का पांच सदस्यीय जांच दल रविवार को नई दिल्ली पहुंचा। जांच दल सोमवार शाम पठानकोट पहुंचेगा और हमले के प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ करेगा।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तानी जांच दल को वायुसेना अड्डे पर हर जगह जाने की अनुमति नहीं होगी।

ऐसा पहली बार हो रहा है कि नई दिल्ली ने भारत में पाकिस्तान की तरफ से हुए आतंकवादी हमले की पाकिस्तानी जांचकर्ताओं को जांच करने की मंजूरी दी है।

इससे भारत को उम्मीद है कि पाकिस्तान जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर सहित कथित षड्यंत्रकारियों को कानून के कठघरे में लाएगा।

उल्लेखनीय है कि इस हमले में सात सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए थे, जबकि छह आतंकवादी मारे गए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493