नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। तुर्की दूतावास ने भारत के 16 शहरों सहित नेपाल और मालदीव में भी वीजा आवेदन केंद्र खोले हैं।
इन आवेदन केंद्रों से तुर्की आने के इच्छुक भारतीय नागरिकों को वीजा प्राप्त करने में आसानी होगी।
भारत में तुर्की के राजदूत डॉ. बुराक अककैपर ने इन केंद्रों की घोषणा करते हुए कहा कि भारत के 16 शहरों सहित नेपाल और मालदीव में भी इन केंद्रों का शुभारंभ किया गया है।
भारत में जिन 16 शहरों में ये केंद्र खोले गए हैं, उनमें नई दिल्ली, गुड़गांव, मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ, अहमदाबाद, जयपुर, चंडीगढ़, जालंधर, पुणे, गोवा, बेंगलुरू, चेन्नई, पुड्डचेरी, कोचीन, तिरुवनंतपुरम शामिल हैं। इसके साथ ही नेपाल के काठमांडू और मालदीव के माले में ये केंद्र खोले गए हैं।
तुर्की दूतावास ने भारत में इन वीजा केंद्रों को खोलने के लिए वीएफएस ग्लोबल सर्विसिस के साथ करार किया है। तुर्की जाने के इच्छुक आवेदक अपने पासपोर्ट साइज दो फोटोग्राफ और जरूरी कागजातों और पासपोर्ट के साथ उक्त शहरों के वीएफएस कार्यालयों में जाकर आवेदन कर सकते हैं।
ये वीजा केंद्र एक अप्रैल, 2016 से कामकाज शुरू कर देंगे। तुर्की जाने वाले भारतीय, नेपाली और मालदीव के नागरिक वीएफएस वीजा आवेदन केंद्रों के जरिए ही आवेदन कर सकते हैं।
dharmpath.com dharmpath