गोपालगंज, 30 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने मंगलवार देर रात मिंटू सिंह नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक कुछ दिन पहले ही जेल से जमानत पर छूट कर बाहर आया था। पुलिस हत्या का कारण अपराधिक गिरोह के बीच वर्चस्व की लड़ाई बता रही है।
नगर थाना के प्रभारी विमल कुमार ने बुधवार को बताया कि बसडीला बाजार निवासी मिंटू सिंह कहीं बाहर जाने के लिए अपने घर से बाहर निकले थे। तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। गोली लगने से घटनास्थल पर ही मिंटू की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर नगर थाना में हत्या की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जिसमें गांव के ही दो लोगों को नामजद, जबकि तीन अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
कुमार के मुताबिक, मिंटू पिछले एक सप्ताह पूर्व ही जेल से जमानत पर छूटा था। मृतक एक वकील की हत्या समेत कई अन्य मामलों का आरोपी था। घटना की वजह से पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।
dharmpath.com dharmpath