जानकारी मिलने पर सीओ, एएसपी, एसपी, फोरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फिलहाल महिला के शव की पहचान नहीं की जा सकी है।
लखनऊ-हरदोई मार्ग पर कोतवाली कछौना क्षेत्र में वन विभाग कार्यालय के सामने ग्रामीणों ने टुटियारा के जंगल में एक महिला का शव देखा तो सनसनी फैल गई। महिला का शव मिलने की खबर मिलने पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त के बारे में जानकारी ली, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। महिला छींटदार सलवार कुर्ता व बुर्का पहने हुए थी।
प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र कुमार सिंह के साथ अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी बलरामाचारी दुबे, क्षेत्राधिकारी बघौली जीतेन्द्र कुमार गिरि, पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह भी टीम के साथ पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया। फोरेंसिक टीम ने मौके पर मिले खून के नमूने भी लिए।
घटना स्थल की स्थिति देखने से लगता है कि महिला और हत्यारे के बीच काफी संघर्ष हुआ है। फिलहाल, पुलिस इस हत्याकांड की गुत्थी जल्द सुलझाने का दावा कर रही है।
dharmpath.com dharmpath