मणिपुर में फेरबदल का मुद्दा सोमवार को सुलझाएंगी सोनिया

इंफाल, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। विक्षुब्ध कांग्रेस विधायकों की मांग पर मणिपुर में राज्य मंत्रिमंडल में फेरबदल के मुद्दे को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सोमवार को सुलझा सकती हैं।

कांग्रेस नए प्रदेश अध्यक्ष और विधायक टी.एन. हाओकिप ने यह जानकारी दी। हाओकिप ने गत शनिवार को निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष गेखानगाम से पदभार लिया।

कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में यहां आयोजित पदभार हस्तांतरण समारोह में कुछ विधायक ही उपस्थित थे। राज्य के मंत्री इस अवसर पर नदारद रहे।

पदभार ग्रहण करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए हाओकिप ने कहा कि पार्टी के विधायक काफी लंबे समय से दस मंत्रियों को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग कर रहे थे। फिलहाल राज्य मंत्रिमंडल में 12 मंत्री हैं।

उन्होंने कहा कि यह मांग मुख्यमंत्री के आश्वासन के अनुरूप की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि सरकार बनने के ढाईवें साल के अंत में राज्य मंत्रिमंडल में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया जाएगा।

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भी राज्यमंत्रिमंडल में फेरबदल की मांग की जा रही है। कांग्रेस के विक्षुब्ध विधायकों का आरोप है कि सरकार के कामकाज में न तो पारदर्शिता है और न ही उसकी कोई उपलब्धि ही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री इबोबी सिंह उपस्थित थे, लेकिन इस संबंध में उन्होंने कुछ भी नहीं कहा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493