मुंबई, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। ‘थ्री ईडियट्स’, ‘पीके’ और ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ जैसी लोकप्रिय फिल्में बना चुके विधु विनोद चोपड़ा ने कहा है कि वह फिल्म बनाना जारी रखेंगे, क्योंकि वह खुद को फिल्मकार मानते हैं ‘बनिया’ (व्यापारी) नहीं।
विधु विनोद चोपड़ा ने यहां एक कार्यक्रम में कहा, “मैं फिल्में बनाने में विश्वास रखता हूं। मेरा मानना है कि फिल्म और व्यापार का कोई संबंध नहीं है। जैसे ‘पीके’ बड़ी हिट रही, लेकिन मेरा मानना है कि ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ अच्छी है। जब आप फिल्म बनाते हैं तो उसकी लागत वापस होने के बारे में नहीं सोचते। इन सबके बाद, हम ‘बनिये’ नहीं हैं, हम फिल्मकार हैं।”
उन्होंने कहा, “जो हम समझते हैं उस पर विश्वास करते हैं। अगर यह अच्छी चलती है तो ठीक है, नहीं तो कोई बात नहीं।”
उन्होंने कहा कि वह दर्शकों की इच्छा के अनुसार फिल्में नहीं बनाते हैं।
उन्होंने कहा, “दर्शक मेरी फिल्म की तारीफ करते हैं, इससे मुझे बेहद खुशी होती है। अगर उन्हें पसंद नहीं आती तो यहां कम से कम संतुष्टि की भावना है कि मैंने अच्छी फिल्म बनाई, लेकिन दर्शकों को मेरा काम समझ नहीं आया, हालांकि मैं फिल्म बनाते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ देता हूं।”
फिल्मों के अलावा, 63 वर्षीय निर्देशक-निर्माता संगीत और क्रिकेट मैच देखना पसंद करते हैं।
dharmpath.com dharmpath