वाशिंगटन, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ब्रिटिश समकक्ष डेविड कैमरन के साथ यहां द्विपक्षीय वार्ता के दौरान टीयर-2 वीजा का मुद्दा उठाया।
मोदी यहां परमाणु सुरक्षा सम्मेलन में भाग ले रहे थे, जहां कार्यक्रम से अलग उनकी ब्रिटिश प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने शुक्रवार की इस मुलाकात के बाद मीडिया से कहा, “प्रधानमंत्री ने ब्रिटेन के साथ आईटी कंपनियों के लिए टीयर-2 वीजा का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि कुशल पेशेवरों को काम के लिए ब्रिटेन जाने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।”
नए नियमों के मुताबिक, टीयर-2 वीजा वाले कुशल पेशेवरों को पांच साल बाद ब्रिटेन में 35,000 पाउंड (50,000 डॉलर) की सालाना आय दिखानी होती है, नहीं तो उन्हें ब्रिटेन छोड़ना होगा।
इस बारे में मोदी ने कैमरन से कहा कि प्रवासी सलाहकार समिति का यह फैसला नकारात्मक प्रतीत होता है, इसलिए इसका समाधान निकाला जाना चाहिए।
स्वरूप ने कहा, “प्रधानमंत्री कैमरन ने इस मामले को देखने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि वह आईटी कंपनियों का नुकसान नहीं चाहते हैं, साथ ही उन्हें उम्मीद है कि कोई ब्रिटिश व्यवस्था का गलत फायदा नहीं उठाएगा।”
मोदी ने कैमरन से कहा कि अब भारत ने रक्षा उत्पादन के लिए सौ फीसदी एफडीआई (विदेशी निवेश) को मंजूरी दे दी है और ब्रिटिश कंपनियां इसका फायदा उठा सकती हैं।
दोनों नेताओं ने इसके अलावा आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई पर चर्चा की।
dharmpath.com dharmpath