अगरतला, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। चुनाव आयोग ने चुनाव वाले पांच राज्यों को छोड़कर बाकी देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मतदाता सूची दुरुस्त करने और उसे अद्यतन करने के लिए एक अभियान शुरू करने को कहा है।
त्रिपुरा के अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी देबाशीष मोदक ने शनिवार को आईएएनएस से कहा, “राष्ट्रीय मतदाता सूची शुद्धिकरण और प्रमाणीकरण कार्यक्रम(एनईआरपीएपी) के तहत मतदाता सूची के शुद्धिकरण का काम शुक्रवार को शुरू हो चुका है और यह अगस्त तक जारी रहेगा।”
उन्होंने कहा, “एनईआरपीएपी का क्रियान्वन पिछले साल भी किया गया था और यह बेहद प्रभावशाली रहा था। इसे विभिन्न चरणों में लागू किया जाएगा।”
उन्होंने बताया कि पांच महीने का यह कार्यक्रम हर राज्य की अगली मतदाता सूची के मसौदे के प्रकाशन से पहले पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा, “18 वर्ष की उम्र वर्ग पर खास ध्यान देते हुए सभी पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा और एक ही व्यक्ति के कई पंजीकरणों को जांचा जाएगा। इसी के साथ सूची में मृत, स्थानांतरित और अनुपस्थित मतदाताओं के ब्योरे का भी ख्याल रखा जाएगा।”
जिन पांच राज्यों में चुनाव हो रहे हैं (असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी), वहां चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की समस्या से बचने के लिए उन्हें इस कार्यक्रम से अलग रखा गया है।
चुनाव आयोग मतदाताओं को मोबाइल के माध्यम से मतदाता सूची से संबंधित जानकारी देने के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) के साथ ही उनके मोबाइल नम्बर भी ले रहा है।
dharmpath.com dharmpath