जम्मू, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। राज्य में बनने जा रही सरकार के सोमवार को शपथ ग्रहण से जुड़े प्रोटोकॉल और कानूनी मामलों का ध्यान रखने के लिए जम्मू एवं कश्मीर राजभवन और सचिवालय के अधिकारियों की रविवार की छुट्टी रद्द कर दी गई है। इस बीच इस बात को लेकर भी चर्चा का बाजार गर्म है कि नए मंत्रिपरिषद में किसे जगह मिलेगी और किसे बाहर रखा जाएगा।
राज्यपाल एन.एन. वोहरा ने पीपुल्स डेमोकेट्रिक पार्टी(पीडीपी) की महबूबा मुफ्ती को सोमवार को राज्य की नई मुख्यमंत्री की शपथ लेने के लिए शनिवार शाम औपचारिक न्योता दिया।
मंत्रिपरिषद को लेकर प्रारंभिक खबरों के मुताबिक, पीडीपी और गठबंधन सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 25 सदस्यीय मंत्रिमंडल में उन्हीं चेहरों को शामिल करने का निर्णय लिया है, जो इससे पहले मुख्यमंत्री रहे मुफ्ती मुहम्मद सईद के इंतकाल से पहले उनके मंत्रिमंडल में थे।
राजनीतिक हलकों में रविवार को अटकलें लगाई जा रही थीं कि महबूबा ने पिता सईद के कार्यकाल में मंत्रिमंडल में महत्वूपर्ण विभाग संभाल चुके कुछ वरिष्ठ नेताओं को दरकिनार करने का फैसला किया है।
पीडीपी के उच्च पदस्थ सूत्र ने आईएएनएस को बताया, “पीडीपी के कम से कम चार वरिष्ठ नेता महबूबा जी कि ‘हिट लिस्ट’ में हैं। वे उनके पिता के मंत्रिमंडल में महत्वूपर्ण विभाग संभाल रहे थे।”
सूत्र ने रविवार को बताया, “कल (सोमवार) के शपथ ग्रहण को लेकर पीडीपी के पूर्व मंत्रियों में से किसी को भी उनकी ओर से एक भी औपचारिक शब्द सुनने को नहीं मिला है।”
सूत्र ने कहा, “लेकिन वह आज (रविवार) शाम 4.30 बजे यहां एक बैठक करेंगी। उसके बाद सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।”
इसी प्रकार पिछले मंत्रि परिषद में महत्वपूर्ण विभाग संभाल चुके भाजपा के भी तीन वरिष्ठ मंत्रियों की जगह भी नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना है।
भाजपा के एक सूत्र ने कहा, “इन तीन लोगों में से जिन्हें शामिल न किए जाने की संभावना है, उनमें से दो को तो अवश्य ही मंत्रिमंडल में जगह नहीं दी जाएगी।”
नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण जम्मू शहर में राजभवन में सोमवार अपराह्न् 11.30 बजे होगा।
dharmpath.com dharmpath