नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक के बेंगलुरू में स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान को मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने ‘इंडिया रैंकिंग 2016’ में देश का नंबर वन विश्वविद्यालय घोषित किया है। वहीं, रसायन तंत्रज्ञान संस्था, मुंबई को दूसरा स्थान मिला है।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय को इस रैंकिग में तीसरा स्थान दिया गया है। उनके बाद हैदराबाद विश्वविद्यालय और तेजपुर विश्वविद्यालय असम का नंबर है।
भारतीय प्रबंधन संस्थान, बेंगलुरू को प्रबंधन संस्थान में शीर्ष रैंकिंग मिली है जबकि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास को इंजीनियरिंग संस्थानों में शीर्ष संस्थान का दर्जा दिया गया है।
वहीं, फार्मेसी संस्थानों (शोध व शिक्षण) में कर्नाटक के मणिपाल कॉलेज ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज, मणिपाल शीर्ष पर है जिसके बाद क्रमश: यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज, चंडीगढ़ और जामिया हमदर्द, नई दिल्ली का स्थान है।
इन रैंकिंग की घोषणा केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने की है जिसे नेशनल इस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) कार्यक्रम के तहत शुरू किया गया है। इस मौके पर मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी भी मौजूद रही।
विश्वविद्यालय श्रेणी के अंतर्गत अन्य शीर्ष दर्जे वाले संस्थान हैं दिल्ली विश्वविद्यालय (छठा), बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी (सातवां), केरल की इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्पेस साइंस एंड टेक्नॉलजी (आठवां), राजस्थान की बिरला इंस्टीट्यूट टेंक्नॉलजी एंड साइंस, पिलानी (9वां), अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (दसवां), पश्चिम बंगाल की विश्व भारती विश्वविद्यालय (ग्यारहवां) और दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली को 83वां स्थान मिला है।
एनआईआरएफ के तहत इंजीनियरिंग, प्रबंधन, विश्वविद्यालय और फार्मेसी श्रेणियों में 100 शीर्ष उच्च शिक्षण संस्थानों की रैंकिंग की गई है।
यह रैंकिंग पांच मानकों – शिक्षण और सीखने की प्रक्रिया, शोध, पेशेवर अभ्यास और सहयोगात्मक प्रदर्शन, स्नातक स्तर की पढ़ाई और पहुंच व अवधारणा के आधार पर की गई है।
dharmpath.com dharmpath