दिल्ली में हिंदूसेना ने रुकवाया गुलाम अली का कार्यक्रम

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान के गजल गायक गुलाम अली को यहां सोमवार को भारतीय फिल्म ‘घर वापसी’ के गीतों की सीडी लांच करनी थी, लेकिन कुछ हिंदूवादी प्रदर्शनकरियों ने कार्यक्रम नहीं होने दिया।

प्रदर्शनकारियों ने कार्यक्रम का विरोध करते हुए गजल गायक के खिलाफ नारे भी लगाए।

गुलाम अली ने इस फिल्म में न केवल गीत गाया है, बल्कि अपने अभिनय करियर की शुरुआत भी इसी से की है।

दिल्ली के होटल ‘रॉयल प्लाजा’ में फिल्म का संगीत लांच होना था, लेकिन हिंदूसेना से मिली धमकी के कारण इसे रद्द करना पड़ा।

संवाददाता सम्मेलन शुरू होने से कुछ समय पहले ही कुछ लोगों ने यहां पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और ‘गुलाम अली मुर्दाबाद’ के नारे लगाने लगे।

फिल्म के निर्देशक शोएब इलियासी ने इस घटना की निंदा की है।

इलियासी ने कहा, “हमने दिल्ली पुलिस और केंद्रीय गृहमंत्रालय से गुलाम अली और आयोजन स्थल की सुरक्षा के लिए अपील की थी।”

उन्होंने आगे कहा, “हमें सुरक्षा मिली, लेकिन विरोध प्रदर्शन के कारण निजी होटल के प्रबंधन ने पूरे समारोह को रद्द कर दिया।”

इससे पहले इस फिल्म का संगीत लांच मुंबई में 29 मार्च को होना था, लेकिन वहां शिवसेना से मिली धमकी के कारण इसे रद्द करना पड़ा था।

‘घर वापसी’ सांस्कृतिक पहचान के भंवर में फंसे एक परिवार की कहानी है, जिसे कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है और घर वापसी के दौरान सांस्कृतिक विरोधाभास का सामना करने में वह असमर्थ है।

इस फिल्म में फरीदा जलाल, जरीना वहाब, आलोक नाथ, रीमा लागू, दीपक तिजोरी, सृष्टि गौतम और हर्ष नागर ने अभिनय किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493