काबुल, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। आतंकवादी संगठन तालिबान ने अफगान मुजाहिदीन के पूर्व कमांडर मुल्ला उमर के बड़े बेटे मुल्ला मोहम्मद याकूब को अफगान तालिबान में एक वरिष्ठ सैन्य पद पर नियुक्त किया है।
मंगलवार को मिली मीडिया रपट के अनुसार, आतंकवादी संगठन ने यह जानकारी दी।
तालिबान ने अपने एक बयान में कहा कि आतंकवादी संगठन के पूर्व प्रमुख के बड़े बेटे ने इससे पहले समूह के प्रमुख मुल्ला अख्तर मंसूर के नेतृत्व को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। वह अब अफगानिस्तान के 34 में से 15 प्रांतों में सैन्य आयोग के प्रभारी होंगे।
यह सैन्य आयोग इन प्रांतों में तालिबान के सेना से संबंधित सभी मामलों की देखरेख के लिए जिम्मेदार है, जिसका नेतृत्व इब्राहिम सदर करता है।
याकूब को सेना के प्रमुख पद की जिम्मेदारी देने के साथ ही उसे तालिबान की शीर्ष निर्णायक परिषद ‘रहबारी शूरा’ में भी शामिल किया गया है।
बयान में आगे कहा गया कि तालिबान ने मुल्ला उमर के भाई और याकूब के चाचा मुल्ला अब्दुल मन्नान को भी इस परिषद में शामिल किया है।
dharmpath.com dharmpath