जम्मू एवं कश्मीर में मुठभेड़ में एलईटी आतंकवादी मारा गया

श्रीनगर, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर राज्य के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों ने मंगलवार रात एक मुठभेड़ में आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के एक आतंकवादी को मार गिराया।

यहां एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “मंगलवार रात गडूरा गांव में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए एलईटी के आतंकवादी की पहचान बिलाल के रूप में हुई है।”

अधिकारी ने कहा, “सुरक्षाबलों ने मंगलवार सुबह इलाके में आतंकवादी के छिपे होने की सूचना मिलने के बाद गांव को घेर लिया था।”

उन्होंने कहा, “सुरक्षाबलों ने जब घेराबंदी कड़ी कर दी, तो छिपे बैठे आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दी और उसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसमें एक आतंकवादी मारा गया। इलाके में अब भी तलाशी चल रही है।”

पड़ोसी गांवों के लोगों ने मंगलवार शाम घेराबंदी के खिलाफ सुरक्षाबलों पर भारी पत्थरबाजी की।

अधिकारी ने कहा कि सुरक्षाबलों ने मंगलवार को गांव में प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे, जिसमें आठ प्रदर्शनकारी घायल हो गए।

प्रदर्शनकारियों का मकसद घटनास्थल के इर्दगिर्द बनाए गए घेरे को तोड़ना था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493