ब्रिटेन के व्यापार मंत्री मुंबई में टाटा संस अध्यक्ष से मिलेंगे

मुंबई, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। ब्रिटेन में टाटा स्टील की 40 हजार से अधिक नौकरियां बचाने के लिए ब्रिटेन के व्यापार मंत्री साजिद जाविद बुधवार शाम यहां टाटा संस के अध्यक्ष साइरस मिस्त्री से मिलेंगे। टाटा स्टील ने ब्रिटेन के अपने कारोबार को बेचने के इरादे की घोषणा की है।

समाचार पत्र ‘गार्जियन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, साजिद जाविद मंगलवार रात मुंबई पहुंचे हैं। वह टाटा संस के अध्यक्ष से मिलेंगे।

रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई रवाना होने से पहले ब्रिटेन के मंत्री ने पहले अपने देश के श्रमिक संघों से बात की थी, जिन्होंने जाविद को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा था कि टाटा अपने ब्रिटेन के कारोबार के लिए खरीदार ढूंढने के लिए हर संभव प्रयास करे।

इससे पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने इस मुद्दे पर लंदन में अपने मंत्रियों के साथ आपात बैठक की थी। यह बैठक इस चेतावनी के बीच की गई थी कि कंपनी के पास बचाव सौदा करने के लिए कुछ ही सप्ताह बाकी रह गए हैं, जिस पर 40 हजार नौकरियों का भविष्य टिका हुआ है।

लेबर पार्टी ने इसे राष्ट्रीय संकट बताकर इस्पात उद्योग का राष्ट्रीयकरण किए जाने की मांग की है।

टाटा स्टील को ब्रिटिश कारोबार में तीन अरब डॉलर का घाटा हुआ है। कंपनी ने गत सप्ताह कहा कि वह ब्रिटेन में अपने समस्त कारोबार को बेच देने के विकल्प पर विचार करेगी।

कंपनी ने करीब 10 साल पहले 8.1 अरब डॉलर में एंग्लो-डच कंपनी कोरस का अधिग्रहण कर यूरोप में कदम रखा था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493