भोपाल, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आठ अप्रैल से राष्ट्रीय खादी उत्सव शुरू हो रहा है। इस मौके पर देश भर की खादी के रंग देखने को मिलेंगे।
मप्र खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की संचालक रेनू तिवारी ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा, “गौहर महल में खादी उत्सव होने जा रहा है। यह उत्सव आठ से 19 अप्रैल तक चलेगा। इस उत्सव में देश के विभिन्न प्रांतों के विशेष उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। इसमें पश्चिम बंगाल का कोसा मटका, कटिया मसलिन खादी, राजस्थान की सूती, जैविक खादी, गुजरात के पॉली वस्त्र, सूती खादी, उत्तर प्रदेश की सूती, उपकार खादी, छत्तीसगढ़ का बना कोसा टसर, बिहार की मसलिन खादी, असम एवं त्रिपुरा के केन उत्पाद, मध्य प्रदेश की मलबरी सिल्क, सूती खादी प्रमुख हैं।”
उन्होंने बताया, “राज्य के खादी एवं ग्रामोद्योग युवाओं की पसंद को देखकर उत्पाद बना रहा है। लड़कियों के लिए कुर्ती व लड़कों के लिए विशेष शर्ट का निर्माण किया जा रहा है। इसमें अन्य वर्गो का भी ध्यान रखा जा रहा है। उसके उत्पादों को बड़ी मात्रा में विभिन्न वर्गो द्वारा पसंद किया जा रहा है। खादी उत्पादों के प्रचार-प्रसार में भी कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।”
उन्होंने बताया कि खादी उत्पादों के स्टॉल सिंहस्थ उज्जैन में लगाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath