नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। रेडियो नेटवर्क चैनल ‘रेड एफएम’ ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम सनराइजर्स हैदराबाद के साथ प्रमुख प्रायोजक के रूप में जुड़ने की घोषणा की है।
आईपीएल टीम के साथ ‘रेड एफएम’ का प्रायोजक के रूप में यह लगातार चौथा साल है।
इस करार के तहत शिखर धवन की कप्तानी वाली सनराइजर्स हैदराबाद टीम के खिलाड़ियों की जर्सी में रेड एफएम चैनल का लोगो होगा।
टीम में इस सत्र के लिए कुछ नई प्रतिभाओं को शामिल किया गया है। इनमें भारत के हरफनमौला खिलाड़ी युवराज सिंह, न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन, गेंदबाज आशीष नेहरा और इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन का नाम शामिल है।
इस टीम में डेविड वार्नर, नमन ओझा और भुवनेश्वर कुमार जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिनके कारण पिछले सत्रों में सनराइजर्स हैदराबाद एक सफल टीम बनकर उभरी।
इस करार के तहत ‘रेड एफएम’ आईपीएल सत्र के दौरान कई प्रतियोगिताओं का आयोजन करेगा और इनके विजेताओं को सनराइजर्स हैदराबाद की हस्ताक्षरित चीजें भेंट स्वरूप दी जाएंगी। इसके साथ श्रोताओं को टीम के खिलाड़ियों के साथ बातचीत का मौका भी मिलेगा।
आईपीएल की शुरुआत नौ अप्रैल से होगी और यह 29 मई तक जारी रहेगा।
dharmpath.com dharmpath