नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। देश में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के अपने लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए हार्ट केयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया (एचसीएफआई) और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गुरुवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस पर परफेक्ट हेल्थ परेड का आयोजन करेंगे।
आईएमए के मानद महासचिव और एचसीएफआई के अध्यक्ष डॉ के.के. अग्रवाल ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हेल्थ परेड प्रमुख आयोजन है, जिसे दो दशकों से करवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “इसका मकसद लोगों को मधुमेह, दिल के रोगों, उच्च रक्तचाप और डिस्लिपिडेमिया जैसी जानलेवा बीमारियों से बचने के लिए जीवनशैली में बदलाव के लिए जागरूक करना है। हमारा मकसद स्वच्छता और साफ-सफाई के बारे में जागरूक करना भी है, ताकि गैस्ट्रो, मलेरिया, डेंगू और डायरिया जैसी गंभीर बीमारियों को रोका जा सके।”
परेड में शामिल 20 झांकियां राजघाट, प्रगति मैदान, आश्रम, कोटला, साउथ एक्स, डिफेंस कॉलोनी, एम्स, ग्रीन पार्क, आईआईटी गेट, आर.के. पुरम, द्वारका, रोहिणी, पीतमपुरा, यमुना ब्रिज से गुजरते हुए स्वास्थ्य के विभिन्न संदेश देंगी। परेड 50 जगहों से गुजरेगी।
इस मौके पर डॉ. विनय अग्रवाल ने कहा कि छोटे स्वास्थ्य संदेशों के जरिए जागरूकता फैलाना बेहतर तरीका है और हमें उम्मीद है कि इस पहल से हम सेहत, स्वच्छता और साफ-सफाई के महत्व के बारे में बड़े स्तर पर जागरूकता ला सकेंगे। देश में महामारी की तरह फैल रही ज्यादातर बीमारियां रोकी जा सकती हैं और मेडिकल क्षेत्र के लोगों को आम लोगों के व्यवहार में बदलाव लाने के लिए प्रयास करने चाहिए।
परफेक्ट हेल्थ परेड सुबह नौ बजे राजघाट से शुरू होगी और रात आठ बजे तक अपनी मंजिल पर पहुंचेगी।
परेड के संदेश निम्नलिखित होंगे –
– एक वक्त के भोजन में 80 ग्राम या 80 एमएल कैलरी से ज्यादा न खाएं।
– अपना बीपी, खाली पेट शूगर, पेट का घेरा, आराम की हालत में धड़कन और बैड एलडीएल को 80 से कम रखें।
– हर रोज 80 मिनट सैर करें, हर सप्ताह 80 मिनट तेज चाल सैर करें, जिसमें एक मिनट में 80 कदम चलें।
– साल में 80 दिन रिफाइंड अनाज न खाएं।
– साल में 80 दिन धूप जरूर सेकें।
dharmpath.com dharmpath