कोलकाता, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। यहां प्रख्यात भारतीय चित्रकार एम.एफ. हुसैन के पांच दिवसीय जन्मशती वर्ष समारोह में उनके चित्रों की प्रदर्शनी, फिल्मों की स्क्रीनिंग और गोष्ठियों के साथ ही उनकी लिखी किताबें भी प्रदर्शित की जाएंगी।
आयोजनकर्ताओं ने गुरुवार को कहा कि कला इतिहासकार गीति सेन, कवि अशोक वाजपेयी और समकालीन कलाकार जॉनी एम.एल. एक गोष्ठी में ‘फ्रीडम इन आर्ट प्रैक्टिस’ विषय पर व्याख्यान देंगे।
‘हुसैन 100’ का आयोजन ‘विरासत आर्ट’ गर्वनमेंट कॉलेज ऑफ आर्ट एंड क्राफ्ट और कई अन्य संगठनों की सहभागिता में कर रहा है।
आयोजनकर्ताओं ने एक बयान में कहा, “हुसैन के चित्रों, उनकी लिखी किताबें और उनके पोस्टरों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसी के साथ उनसे संबंधित या उन पर बनी फिल्में भी दिखाई जाएंगी, उनकी जिंदगी और काम से संबंधित गोष्ठियां भी होंगी।”
एम.एफ. हुसैन अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भारतीय चित्रकार थे। महाराष्ट्र में 17 सितम्बर 1915 को जन्मे हुसैन का लंदन में 9 जून, 2011 को निधन हो गया था।
dharmpath.com dharmpath