कमला आडवाणी पंचतत्व में विलीन (लीड-1)

नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्व उप प्रधानमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की पत्नी कमला आडवाणी की अंत्येष्टि यहां गुरुवार को संपन्न हो गई।

निगम बोध घाट के बिजली शवदाहगृह में किए गए अंतिम संस्कार में आडवाणी, उनके बेटे जयंत और बेटी प्रतिभा, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज व अनंत कुमार के अलावा भाजपा व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कई नेता शामिल हुए।

इस मौके पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब, हरियाणा और मध्यप्रदेश में उनके समकक्ष क्रमश: प्रकाश सिंह बादल, मनोहर लाल खट्टर और शिवराज सिंह चौहान, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी शामिल हुए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल में चुनावी रैली के कारण इसमें शामिल नहीं हो सके। मोदी ने बुधवार को उनके निधन पर दुख जताते हुए कहा था कि वह आडवाणी के लिए ‘शक्ति स्तंभ’ की तरह थीं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को भी प्रेरित किया था।

इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आडवाणी के घर जाकर कमला आडवाणी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी गुरुवार को वरिष्ठ भाजपा नेता की दिवंगत पत्नी को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पर पहुंचे।

कमला आडवाणी का बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से एम्स में निधन हो गया था। वह 83 वर्ष की थीं।

आडवाणी और कमला वर्ष 1965 में परिणय-सूत्र में बंधे थे। उनकी दो संतान जयंत और प्रतिभा हैं। इस जोड़े ने पिछले साल अपनी शादी की 50वीं सालगिरह मनाई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493